search

हरियाणा: कांग्रेस के हिस्से की राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने को BJP तैयार, पार्टी कोर ग्रुप की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा

LHC0088 2026-2-22 17:27:31 views 946
  

BJP कोर ग्रुप की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने शहरी निकाय चुनाव और राज्यसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। शहरी निकाय चुनाव से पहले दो सीटों पर राज्यसभा चुनाव होने हैं। मोटे तौर पर भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए दावेदारों के नामों पर चर्चा कर ली, लेकिन नामों का फाइनल पैनल तैयार करने के लिए जल्दी ही भाजपा कोर ग्रुप की अगली बैठक होगी।

भाजपा ने अपने हिस्से की एक सीट पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के साथ ही यह मन भी बना लिया है कि पिछले इतिहास को देखते हुए कांग्रेस के हिस्से वाली सीट जीतने के लिए किसी निर्दलीय उम्मीदवार को चुनावी रण में उतारा जा सकता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चंडीगढ़ निवास पर शनिवार देर रात तक चली भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में करीब आधा दर्जन मुद्दों पर चर्चा हुई।

हरियाणा भाजपा के प्रभारी डा. सतीश पुनिया, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह समेत करीब डेढ़ दर्जन नेताओं की मौजूदगी में संगठन तथा सरकार के कामकाज की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दो मार्च को वे साल 2026-27 के लिए भाजपा सरकार का वार्षिक बजट पेश करेंगे। उन्होंने भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं से बजट के लिए सुझाव मांगे। भाजपा नेताओं ने जरूरी सुझाव दिए, जिन्हें बजट में शामिल किए जाने की पूरी संभावना है।  
दो सीटों पर होगा चुनाव

बैठक में शहरी निकाय चुनाव को लेकर चर्चा हुई। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तीन नगर निगमों पंचकूला, अंबाला व सोनीपत समेत सात शहरी निकायों में चुनाव होने हैं। बैठक में हर सूरत में इन शहरी निकायों के चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा की गई। उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा कर भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं के सुझाव मांगे गए।

इसके तुरंत बाद राज्यसभा चुनाव पर चर्चा हुई। हरियाणा में किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा की दो सीटें खाली हो रही हैं। राज्य में 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों के संख्या बल के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी। राज्य में भाजपा ने पिछले इतिहास को देखते हुए कांग्रेस के हिस्से वाली एक सीट पर भी निर्दलीय उम्मीदवार खड़ा करने को लेकर कोर ग्रुप के नेताओं की राय जानी  
सुभाष चंद्रा व कार्तिकेय शर्मा के बाद तीसरा कौन

भाजपा कोर ग्रुप मोटे तौर पर इस बात पर सहमत है कि कांग्रेस के हिस्से की सीट पर निर्दलीय दावेदार को समर्थन दिया जा सकता है, लेकिन इसका अंतिम फैसला भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड ही करेगा।

पिछले दो चुनाव में भाजपा सुभाष चंद्रा व कार्तिकेय शर्मा को अपना समर्थन देकर कांग्रेस के हिस्से की सीटों को अपनी तरफ खींचती रही है। राज्यसभा के चुनाव में भाजपा का आशीर्वाद प्राप्त कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की कमी नहीं है।

कई उद्योगपति, पूंजीपति और राजनेता ऐसे हैं, जो कि कांग्रेस के विधायकों में सेंधमारी कर सकते हैं। हरियाणा में पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की पार्टी हलोपा एकमात्र ऐसा दल है, जो केंद्रीय स्तर पर एनडीए का हिस्सा है।
कांग्रेसियों के हर विरोध का दिया जाएगा जवाब

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में वीबी-जीरामजी योजना के समर्थन और कांग्रेसियों के विरोध में किए गए आंदोलन की समीक्षा की गई। भविष्य में कांग्रेस के हर विरोध का तथ्यों के साथ जवाब देने पर सहमति बनी है।

बैठक में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति व संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, सांसद सुभाष बराला, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा शामिल हुए।
तीसरे उम्मीदवार पर न हां और न ही ना


भाजपा कोर ग्रुप की बैठक हमारी नियमित प्रक्रिया है। हर तरह के मुद्दों पर चर्चा होती है। मुख्यमंत्री ने कोर ग्रुप के सदस्यों से बजट पर सुझाव लिए हैं। आने वाले दिनों में निकाय चुनाव होंगे। हमने प्रत्येक निकाय चुनाव जीतने की संभावनाओं पर बातचीत की है।

बीजेपी लगातार अपने संकल्प पत्र को पूरा करने पर आगे बढ़ रही है। कई राजनीतिक नियुक्तियां अभी होनी बाकी हैं। उन पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय नेतृत्व के थोड़ा फ्री होते ही इन पर अनुमति ली जाएगी।

राज्यसभा चुनाव को लेकर कई नाम सामान्य हैं। उन पर चर्चा हुई है।अंतिम निर्णय केंद्र को करना होता है। इतना मैं कह सकता हूं कि प्रारंभिक चर्चा हो गई है। एक चर्चा तीसरे उम्मीदवार की भी है।

इस बारे में मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि राजनीति संभावनाओं का खेल है। हरियाणा में ऐसी पृष्ठभूमि रही है। इस मुद्दे से न तो इंकार कर रहा हूं और न ही स्वीकार कर रहा हूं। सब कुछ भविष्य के गर्भ में है।

- डा. सतीश पुनिया, प्रभारी, हरियाणा भाजपा
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167126