कटड़ा में श्री शंकराचार्य मंदिर का शिलान्यास
राकेश शर्मा, कटड़ा (जम्मू)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कटड़ा में श्री शंकराचार्य मंदिर का शिलान्यास किया। करीब साढ़े तीन दशक के लंबे इंतजार के बाद अब मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने जा रहा है। 31.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मंदिर का वित्तपोषण श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड करेगा।
यह परियोजना मूल रूप से 1960 के दशक में परिकल्पित की गई थी। इस परियोजना के सपने को साकार करने का कार्य श्राइन बोर्ड ने 1990 के दशक में शुरू किया था
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि पीढ़ियों से चला आ रहा इंतजार आज समाप्त हुआ है। जम्मू-कश्मीर और देश इस दिन को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक परियोजना नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और स्थानीय विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
एलजी मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा, “दशकों पहले जो सपना देखा गया था, उसे साकार करने का सौभाग्य हमें मिला है। यह मंदिर आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर के भीतर 50 व्यावसायिक दुकानें बनाई जाएंगी, जिन्हें उस भूमि के मालिकों को आवंटित किया जाएगा, जिन्होंने इस पवित्र उद्देश्य के लिए अपनी भूमि दान की है। इससे स्थानीय परिवारों को स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने रियासी और आसपास के क्षेत्रों की स्वयं सहायता समूह (सहज ) से जुड़ी महिला उद्यमियों से भी संवाद किया। उन्होंने घोषणा की कि पूजा सामग्री और प्रसाद की वार्षिक खरीद को वर्तमान 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये किया जाएगा।
The wait that stretched across generations has finally ended. J&K UT & the nation will remember this day forever. Laid the foundation stone of Sri Shankaracharya Temple, originally conceived in 1960s, on the adjoining hillocks of Shri Mata Vaishno Devi Shrine in Katra. pic.twitter.com/LAagRY8YAR — Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) February 18, 2026
एलजी ने कहा कि यह पहल स्थानीय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और कटड़ा-रियासी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री शंकराचार्य मंदिर परिसर न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। |