एम एल एकेडमी स्कूल में मैट्रिक परीक्षा की दूसरी पाली की परीक्षा देने के लिए प्रतीक्षा में परीक्षार्थी। जागरण
संवाद सहयोगी, दरभंगा । बिहार बोर्ड के गणित सैंपल पेपर से अपनी तैयारियों को जो अंतिम टच दिया था, वह आज काम किया। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में तो कहीं भी कठिनाई नहीं हुई। गणित की परीक्षा को लेकर बहुत बहुत थे।
लेकिन आज तो मन प्रसन्न हो गया। बुधवार को विद्यापति हाई स्कूल से प्रथम पाली में मैट्रिक के गणित की परीक्षा देकर निकले हर्षित कुमार और सुमन कुमार उक्त बातें कह रहे थे तो उनके साथ खड़े दर्जनों परीक्षार्थियों की खिलखिलाहट सौ में सौ का दम दर्शा रही थी।
उन्होंने कहा कि ज्यामीति से जुड़े कुछ प्रश्नों को समझने में विलंब अवश्य हुआ लेकिन इसके कारण कोई प्रश्न छूटा नहीं। कादिराबाद के ज्ञान सरिता पब्लिक स्कूल परीक्षा केन्द्र पर दूसरी पाली की परीक्षा देकर निकली सविता सुमन भी आत्मविश्वास से लबालब थी।
कहा कि गणित तो स्कोरिंग विषय है ही लेकिन जब सब के सब प्रश्न पाठ्यक्रम से पूछे जाए और आपको उसपर कमांड हो तो सौ प्रतिशत अंक कैसे नहीं आएगा। मुझे तो विश्वास है कि शत-प्रतिशत अंक आएगा ही।
अब तो बिहार बोर्ड में भी मार्किंग में उदारता बरती जाती है। उसके साथ ही खड़े हो हुसैन कुछ उदास थे। उनका पांच अंक का प्रश्न अनुतरित रह गया था। कारण कि ज्योमेट्री के प्रश्न कुछ अजीब ढंग से पूछे गए थे।उसे समझने में ही समय अधिक लग गया ।
हालांकि कहा कि शेष 95 प्रतिशत अंक तो आएंगे ही। पांच अंक की कमी को दूसरे विषय के अंक से भरपाई की जाएगी।
बिरौल में मैट्रिक परीक्षा के दौरान 91 अनुपस्थि
बिरौल । वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के दूसरे दिन बुधवार को गणित विषय की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सभी नौ केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में हुई।
बुधवार को कुल 6,663 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। इनमें 6,572 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 91 अनुपस्थित रहे। किसी भी केंद्र से निष्कासन की सूचना नहीं मिली। प्रथम पाली में 3,344 परीक्षार्थियों में 3,295 उपस्थित एवं 49 अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली में 3,319 में से 3,277 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 42 अनुपस्थित पाए गए। केंद्रवार स्थिति के अनुसार जेके कालेज, बिरौल में 1,348 में 1,327 उपस्थित रहे।
ओंकार उच्च विद्यालय, सुपौल बाजार में 1,064 में 1,051, श्रीकृष्ण आइडियल पब्लिक स्कूल में 695 में 688, संतोबा इंटरनेशनल स्कूल में 714 में 707 तथा जनता उच्च विद्यालय, शिवनगरघाट में 752 में 740 परीक्षार्थी शामिल हुए।
दार्जलिंग पब्लिक स्कूल, कमलपुर में 727 में 723, मध्य विद्यालय सुपौल बाजार में 400 में 398, मध्य विद्यालय बलिया में 376 में 360 तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर में 587 में 578 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने बताया कि परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई थी। |