पीएयू लुधियाना में 21 फरवरी से 1 मार्च तक स्वदेशी मेला
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में 21 फरवरी से एक मार्च तक नौ दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में लगने वाले मेले को लेकर पंजाब भाजपा मीडिया पैनलिस्ट राकेश कपूर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
उन्होंने कहा कि मेले में खादी, हस्तशिल्प, मिट्टी व धातु की कलाकृतियां, ऑर्गेनिक प्रोडक्ट, बाजरा और आयुर्वेदिक उत्पाद मुख्य आकर्षण होंगे। पंजाब के होजरी उद्योग के उत्पादों स्वेटर, टी-शर्ट को विशेष स्थान दिया जाएगा।
मेले में पंजाब की संस्कृति और परंपराओं को उजागर करने के लिए लोक नृत्य और लोक संगीत का आयोजन भी होगा। जिसमें ऊषा उत्थुप, परवेज आलम, साउंड ऑफ सोल, मंडेर ब्रदर्स, अली जैन, सतिंदर बडाली, आदिल, अभिषेक मंगा, जगदीप भुल्लर और जगदीप सांगा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर मोहित गोयल, अश्वनी गुप्ता, सीए शालिनी गुप्ता मौजूद रहे। |