धनबाद में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के लिए वोट मांगते विधायक राज सिन्हा।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों दिलचस्प सियासी नज़ारा देखने को मिल रहा है। राज्य की राजधानी रांची में बजट सत्र चल रहा है, लेकिन धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा निकाय चुनाव प्रचार में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
भाजपा ने मेयर पद के लिए संजीव कुमार अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। माना जा रहा है कि उनकी जीत-हार विधायक राज सिन्हा की प्रतिष्ठा से जुड़ी है। पार्टी के अंदरूनी समीकरणों में पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल का टिकट कटवाकर संजीव कुमार को आगे बढ़ाने में राज सिन्हा की भूमिका अहम रही है। ऐसे में अब चुनाव जिताने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर मानी जा रही है।
हालांकि भाजपा के भीतर बगावत भी खुलकर सामने आई है। संजीव सिंह, मुकेश पांडेय और भृगुनाथ भगत जैसे नेता भी चुनाव मैदान में हैं, जिन्हें पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं चंद्रशेखर अग्रवाल झामुमो में शामिल होकर मेयर पद की दौड़ में हैं। शांतनु चंद्रा उर्फ बबलू पासवान भी भाजपा छोड़कर मैदान में उतर चुके हैं।
इधर विधायक राज सिन्हा संजीव कुमार अग्रवाल के समर्थन में अनोखे अंदाज में प्रचार कर रहे हैं। संजीव का चुनाव चिह्न ‘हरी मिर्च’ है। विधायक हाथ में हरी मिर्च लेकर गली-मोहल्लों में घूम रहे हैं और फेरीवाले की तरह आवाज लगाते हैं-“हरी मिर्च ले लो, हरी मिर्च।” लोगों को वे समझा रहे हैं कि लोकसभा और विधानसभा में भाजपा का चुनाव चिह्न कमल होता है, जबकि नगर निगम में हरी मिर्च है।
एक वायरल वीडियो में विधायक एक महिला से खुद को पहचानने के लिए पूछते नजर आते हैं। महिला के इनकार करने पर वे कहते हैं कि उसके घर के सामने की सड़क और नाली उन्हीं के प्रयास से बनी है। यह अंदाज शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। |
|