आगरा मेट्रो।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने मेट्रो के पांच स्टेशनों के संचालन की तैयारी तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मार्च में स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। मनकामेश्वर स्टेशन से आइएसबीटी स्टेशन तक छह किमी लंबा मेट्रो ट्रैक है।
इसमें चार भूमिगत स्टेशन और एक एलीवेटेड स्टेशन है। प्रबंध निदेशक (एमडी) सुशील कुमार ने स्टेशनों का निरीक्षण किया। कार्य को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। विभागीय अफसरों के साथ बैठक भी की।
मेट्रो का पहला कारिडोर टीडीआइ माल फतेहाबाद रोड से लेकर सिकंदरा तिराहे तक 14 किमी लंबा है। दो साल पूर्व छह किमी ट्रैक में मेट्रो का संचालन शुरू हुआ था। बिजलीघर चौराहा स्थित मनकामेश्वर स्टेशन से लेकर आइएसबीटी तक मेट्रो ट्रैक बनकर तैयार हो गया है।
अप ट्रैक में मेट्रो का परीक्षण चल रहा है। डाउन ट्रैक में इसी माह से परीक्षण चालू होगा। छह किमी ट्रैक चालू होने से टीडीआइ माल से आइएसबीटी पहुंचना आसान हो जाएगा। अभी इस दूरी को तय करने में 30 मिनट से अधिक का समय लगता है।
मेट्रो यह दूरी 15 से 18 मिनट में तय हो जाएगा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने एमजी रोड, नेशनल हाईवे, माल रोड में मेट्रो के कार्य का निरीक्षण किया।
साथ ही एसएन मेडिकल कालेज, आगरा कालेज, राजा की मंडी, आरबीएस कालेज और आइएसबीटी में कार्य की जानकारी ली। यह सभी स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं।
यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मार्च में पांच स्टेशनों का लोकार्पण कर सकते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय को इसका प्रस्ताव भेजा जा रहा है। |