अलमारी में मिली नाबालिग (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। छतरपुर जिले के खजुराहो में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कुछ कार्यकर्ता शक के आधार पर एक होटल में घुसे और एक कमरा खुलवाने का प्रयास किया। कमरा नहीं खुला तो धक्का मारकर खुलवा लिया। अंदर एक शादीशुदा मुस्लिम आदमी दो बच्चों का पिता मिला। तलाशी के दौरान अलमारी में एक नाबालिग हिंदू लड़की मिली।
बाहर निकलते ही लड़की कार्यकर्ताओं से बचाने की अपील करने लगी। लोगों ने युवक को पकड़कर पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं ने लव-जिहाद का मामला होने का दावा किया और बाहर जाम लगा दिया जिससे खजुराहो में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि थाना प्रभारी के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खुल गया। नाबालिग को काउंसलिंग के लिए छतरपुर स्थित महिला सेल भेजा गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता शिवांक अवस्थी का आरोप है कि उसे कुछ दिन से शिकायत मिल रही थी कि एक मुस्लिम हिंदू लड़कियों को लव-जिहाद में फंसाने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को सूचना मिलने पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने खजुराहो के एक होटल में कमरा नंबर 205 को खुलवाने का प्रयास किया। काफी आवाज देने के बाद जब कमरा नहीं खुला तो धक्का देकर आखिर में दरवाजा खुल गया।
यह भी पढ़ें- खरगोन में शादी की खुशियां मातम में बदली, डांस करते दूल्हे के मामा को आया हार्ट अटैक, मौत
कमरे के अंदर खजुराहो स्थित सेवाग्राम निवासी शकील खान मिला, जो शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। पूछताछ में बोला कि वह कमरे में अकेला है लेकिन कमरे की तलाशी लेने पर अलमारी में एक नाबालिग हिंदू लड़की मिली, जो खुद को बचाने की गुहार लगा रही थी। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि आरोपित के मोबाइल में कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो मिले। वीडियो में वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता दिख रहा है। कार्यकर्ताओं ने अपना कैफे रेस्टोरेंट के होटल संचालक पर अवैध गतिविधियां और बिना दस्तावेजों के लोगों को होटल में कमरा देने का आरोप लगाया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
खजुराहो थाना प्रभारी प्रशांत सेन ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने आश्वासन के बाद जाम खोल दिया। मामले में आरोपित हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मोबाइल की भी जांच की जा रही है। नाबालिग पीड़िता को बयान और काउंसलिंग के लिए छतरपुर स्थित महिला हेल्प डेस्क भेजा गया है। मोबाइल में मिले वीडियो और लड़की के बयानों के आधार पर आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। |
|