cy520520 • 2025-12-19 14:37:26 • views 1240
फोरलेन पर घने कोहरे के बीच बाइक पर कंबल ओढ़कर जाते युवक।
जागरण संवाददात, गाजीपुर। जनपद में बुधवार और गुरुवार को पड़ी ठंड ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिसंबर के मध्य में ही पारा अचानक गिर जाने से लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा।
आपदा विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि इस वर्ष 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान मात्र 19.0 और न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वहीं 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में आई इस गिरावट से गलन भरी ठंड महसूस की गई। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है।
अब सभी परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालय सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक संचालित होंगे। निर्णय से अभिभावकों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड और कोहरे के बीच बच्चों को स्कूल पहुंचाने में परेशानी भी झेलनी पड़ी।
दूसरी ओर घना कोहरा भी लोगों के लिए मुसीबत बन गया। बुधवार की देर शाम से ही कोहरे ने दस्तक दे दी थी और रात दस बजे तक स्थिति और बिगड़ गई। हाल यह रहा कि कुछ दूरी पर खड़ा व्यक्ति तक दिखाई नहीं दे रहा था। यह स्थिति गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे तक बनी रही।
कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि बाइक सवार ठंड से कांपते हुए सफर करते दिखे। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया।
यह भी पढ़ें- खुशखबरी! शादी के बाद अब बेटी को ससुराल में भी मिलेगा राशन...नहीं कटवाना पड़ेगा राशन कार्ड से नाम
गलन भरी ठंड से बचने के लिए बुजुर्ग व महिलाएं जगह-जगह अलाव जलाकर ताप सेकते नजर आए। पशुओं का भी हाल बेहाल रहा और वे खुले स्थानों में ठंड से बचने की कोशिश करते दिखे। मौसम के इस बदले मिजाज ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। |
|