जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति ने 17 दिसंबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश में पूर्ण बंद की घोषणा की है। मेरठ में इस बंद के समर्थन में प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधि, सपा, बसपा और कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल, व्यापारी संगठन, ब्राह्मण, वाल्मीकि समाज संगठन उतर आए हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
शुक्रवार को सपा और बसपा जिलाध्यक्ष ने मेरठ बार कार्यालय पहुंचकर अपना समर्थन दिया। युवा ब्राह्मण, पंजाबी व्यापारी समाज, वाल्मीकि समाज ने भी समर्थन दिया। कई व्यापार संघों के साथ शारदा रोड व्यापार संघ ने भी बाजार में कार्यक्रम के दौरान मेरठ बंद को अपना समर्थन देने की घोषणा की।
शाम में जिलाधिकारी और एसएसपी के साथ वार्ता में केंद्रीय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 17 को मेरठ में पूर्ण बंद रहेगा लेकिन आम जनता को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
डीएम एसएसपी ने की संघर्ष समिति पदाधिकारियों के साथ बैठक
शुक्रवार शाम को जिलाधिकारी डा. वी के सिंह और एसएसपी डा. विपिन ताडा ने हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन संजय शर्मा और संयोजक राजेंद्र सिंह राणा के साथ बैठक करके 17 दिसंबर के बंद पर चर्चा की। संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने जबरन बंद न कराने तथा कानून व्यवस्था को बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने आम जनता के लिए आवश्यक वस्तुओं (दूध, ब्रेड, अखबार, सब्जी) की आपूर्ति को भी बाधित न करने की मांग की। संजय शर्मा ने बताया कि इस दौरान उन्होंने दोनों अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि पूर्ण मेरठ बंद शांतिपूर्ण होगा। मेरठ बंद रहेगा लेकिन आम जनता को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सपा, बसपा ने दिया समर्थन, कांग्रेस पदाधिकारियों का आया फोन
शुक्रवार को सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ बार कार्यालय पहुंचकर पार्टी की ओर से हाईकोर्ट बेंच आंदोलन और मेरठ बंद को समर्थन देने की घोषणा की। इसी प्रकार बसपा जिलाध्यक्ष डा. सुभाष प्रधान ने भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बार कार्यालय पहुंचकर समर्थन दिया।
बसपा जिलाध्यक्ष ने इस दौरान बताया कि बसपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की अनुमति लेकर वे समर्थन देने के लिए पहुंचे हैं। संघर्ष समिति चेयरमैन संजय शर्मा ने बताया कि कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने उन्हें फोन पर ही पार्टी की ओर से समर्थन दिया है।
भारतीय वाल्मीकि आदि धर्म समाज के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश टंडन ने भी सदस्यों के साथ पहुंचकर समर्थन पत्र सौंपा। राष्ट्रीय संचालक महेश टांक, प्रदेश प्रभारी मोनिंदर सूद और वरिष्ठ समाजसेवी रविन्द्र वैद मौजूद रहे। पंजाबी समाज उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष निशांत परुथी ने और युवा ब्राह्मण समाज संगठन से अश्विनी कौशिक, प्रशांत कौशिक, दीपक शर्मा ने समर्थन पत्र सौंपा।
शारदा रोड, किला रोड, शाहघासा व्यापार संघ ने दिया समर्थन
शारदा रोड पर शारदा रोड व्यापार संघ द्वारा कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संघर्ष समिति चेयरमैन संजय शर्मा, संयोजक राजेंद्र सिंह राणा को बंद के लिए समर्थन पत्र सौंपा। इस दौरान संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, शारदा रोड व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष शर्मा, महामंत्री अमित अग्रवाल, अरविंद अरोड़ा, सुनील रिठानी, पुनीत अग्रवाल मौजूद रहे।
शाहघासा बाजार व्यापार संघ के पदाधिकारी भी मेरठ बार कार्यालय पहुंचे और समर्थन पत्र सौंपा। किला रोड व्यापार संघ जेल चुंगी के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने भी व्यापारियों के साथ पहुंचकतर 17 के बंद में पूर्ण समर्थन की घोषणा की। महामंत्री दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, डा. मनोज कुमार साथ रहे।
कचहरी और शहर में प्रचार, सरधना मवाना में भी रहेगा बंद
शुक्रवार को केंद्रीय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में घूमकर अधिवक्ताओं से 15 दिसंबर की आम सभा में शामिल होने की अपील की। जबकि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ई रिक्शा पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार किया तथा 17 दिसंबर के बंद में समर्थन की मांग की।
केंद्रीय संघर्ष समिति चेयरमैन संजय शर्मा और संयोजक राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि सरधना और मवाना तहसील बार के पदाधिकारियों को भी पत्र भेजकर तहसील क्षेत्र में प्रभावशाली बंद कराने की मांग की है। |