जासं, प्रयागराज। फल बाजार में इस समय चहल-पहल है। चिली के सेब के साथ ही ड्रैगन फ्रूट लोगों की पसंद बने हुए हैं। साथ ही कश्मीरी सेब, भुसावल का केला भी लोग जमकर खरीद रहे हैं। हालांकि, फल की कीमतों में मामूली रूप से वृद्धि हुई है, लेकिन इसका बाजार में कोई खास असर नहीं है। सीजन के फल होने के बाद भी कीमतों में वृद्धि होने के पीछे मांग अधिक होना माना जा रहा है। कारोबारी पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बेहतर व्यापार बता रहे हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
नवरात्र के बाद दीपावली और अब आगे आने वाले त्योहारों में भी फल की काफी मांग है। एजी आफिस के पास, गऊघाट, तिनकोनिया, मेडिकल चौराहा, तेलियरगंज, राजरूपपुर, ट्रांसपोर्ट नगर समेत अन्य जगहों पर फल खरीदने वालों की भीड़ देखी जा रही है। सेब, केला तो अमूमन लोग खरीद ही रहे हैं, लेकिन लोगों के बीच चिली के सेब की अच्छी मांग है।  
 
हालांकि, सामान्य सेब से इसकी कीमत तीन गुना अधिक है, लेकिन बेहद स्वादिष्ट होने से लोग इसे पसंद कर रहे हैं। वाशिंगटन का सेब भी बाजार में है, लेकिन गिनी-चुनी दुकानों पर। वजह यह है कि इसके दाम 600-700 रुपये प्रतिकिलो है। फल विक्रेता बच्चा यादव, देवतादीन का कहना है कि फलों की कीमत में मामूली रूप से तेजी आई है, लेकिन इसका बाजार में कोई विशेष फर्क नहीं है। खरीदारी पिछले वर्ष की अपेक्षा अच्छी है।  
 
फलों की कीमतें 
फल : दाम 
सेब : 80-160 
खरबूजा : 120-160 
अमरूद : 100-150 
नीलम आम : 450-550 
सामान्य अंगूर : 300-350 
काला अंगूर : 450-550 
नासपाती : 120-140 
नाखा : 160-180 
मुसम्मी : 60-100 
वाशिंगटन का सेब : 600-700 
चिल्ली का सेब : 350-450 
ड्रैगन फ्रूट : 120-150 
सलीफा : 100-130 
पपीता : 40-60 
तरबूज : 60-80 
आलू बुखारा : 300-400 
चीकू : 150-170 
केला : 50-80 (प्रति दर्जन) 
(नोट : दाम प्रतिकिलो में है) |