सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर। (जागरण)
जागरण संवाददाता, रांची। रांची शहर के यातायात दबाव को कम करने के लिए निर्माणाधीन सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर जून महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने कार्य में तेजी लाने को लेकर फ्लाईओवर का निर्माण कर रही एजेंसी दिनेशचंद्र अग्रवाल कंपनी को अल्टीमेटम दिया है।
विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि तय समय-सीमा में हर हाल में फ्लाईओवर को चालू किया जाए, ताकि शहरवासियों को इसका लाभ मिल सके। सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है।
विभागीय जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर के पीलर (स्तंभ) का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि ढांचे (सुपर स्ट्रक्चर) का काम तेजी से जारी है। यह फ्लाईओवर अपने विशेष डिजाइन के कारण चर्चा में है।
अधिकारियों के अनुसार इसका आकार डमरू की तरह होगा, जो इसे राज्य के अन्य फ्लाईओवरों से अलग पहचान देगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल लगभग 211 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। लगभग 1.2 किलोमीटर लंबी इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण में 17 पीलर और 44 पाइलिंग का निर्माण किया गया है।
तकनीकी रूप से यह परियोजना काफी जटिल मानी जा रही है, क्योंकि इसे शहर के व्यस्ततम मार्गों को जोड़ने के लिए डिजाइन किया गया है।
ग्राउंड की स्थिति और काम की प्रगति
मौके पर देखा जाए तो निर्माण स्थल पर दिन-रात काम चल रहा है। पीलर और पाइलिंग का कार्य पूरा होने के बाद अब स्लैब और अन्य संरचनात्मक हिस्सों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
विभाग का दावा है कि जून तक ढांचा पूरी तरह तैयार कर ट्रायल रन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। कुल मिलाकर, सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर रांची के लिए एक अहम बुनियादी ढांचा परियोजना है, जिसके पूरा होने से शहर की यातायात तस्वीर बदलने की उम्मीद की जा रही है।
सिरमटोली मुख्य मार्ग है। इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कारण दो अन्य फ्लाईओवर का पूरा लाभ अब तक शहरवासियों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के चालू होते ही यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और शहर के कई हिस्सों में लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी -
बिनोद कच्छप, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग
शहर में यह सिरमटोली फ्लाईओवर के निर्माण का हर किसी को इंतजार है। सिरमटोली फ्लाईओवर के निर्माण के कारण कांटाटोली-कोकर व सिरमटोली-डोरंडा दोनों फ्लाईओवर प्रभावित हो रहा है। दाेनों फ्लाईओवर में एक साथ चलने के लिए लोगों को एक किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा है। -
सुनील सिंह, राहगीर
फ्लाईओवर के कारण अभी क्षेत्र में जाम और असुविधा बनी रहती है, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद सिरमटोली, मेकान, डोरंडा, चुटिया, कांटाटोली, बहुबाजार, सुजाता और आसपास के इलाकों में यातायात काफी सुगम हो जाएगा। व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को इससे विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। -
एजाज अहमद, राहगीर |