एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद SDM ने लेखपाल को किया सस्पेंड।
जागरण संवाददाता, सकलडीहा (चंदौली)। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को सकलडीहा तहसील में तैनात एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपित लेखपाल एक ग्रामीण से रिपोर्ट लगाने के नाम पर पैसों की मांग कर रहा था।
इस घटना के संज्ञान में आते ही एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने मंगलवार को आरोपित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे लेखपालों में खलबली मच गई है।
बलुआ थाना क्षेत्र के बीसापुर गांव निवासी विनय प्रकाश ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि लेखपाल पंकज यादव उनकी एक रिपोर्ट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
पंकज यादव साल 2016 से सकलडीहा तहसील में तैनात थे और वर्तमान में मथेला व हृदयपुर का कार्यभार देख रहे थे। शिकायत की पुष्टि होने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
सोमवार को जैसे ही पीड़ित विनय प्रकाश रिश्वत की रकम देने पहुंचे, लेखपाल पंकज यादव अपने चचेरे भाई सुखवीर के साथ पैसे लेने आ गया।
टीम ने मौके पर ही लेखपाल को घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। साक्ष्य पुख्ता करने के लिए टीम ने मौके पर ही आरोपित के हाथ धुलवाए और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपित को लेकर मुगलसराय कोतवाली पहुंची। जहां संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। पकड़े गया लेखपाल पंकज यादव मूल रूप से इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के रहने वाला है।
एसडीएम कुन्दन राज कपूर ने बताया कि रिश्वतखोरी के आरोपित लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इस तरह के अनैतिक कार्यों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- शादी का ई-कार्ड क्लिक करने से पहले हो जाएं सावधान, साइबर ठग APK फाइल भेजकर खातों से उड़ा रहे पैसा
यह भी पढ़ें- बिजनौर में म्यूजिक सिस्टम पर नाचने के दौरान बरातियों के दो गुट भिड़े, फायरिंग के बाद मची अफरातफरी |
|