LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 467
प्रयागराज के बहरिया की रहने वाली वैष्णवी मौर्य की फाइल फोटो।
संसू, जागरण, बहरिया (प्रयागराज)। सरायगनी गांव के सामने धमौर मोड़ पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। परीक्षा केंद्र देखकर फुफेरे भाई के साथ घर लौट रही इंटरमीडिएट की छात्रा को ट्रक ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। बहरिया पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बहरिया थाना क्षेत्र के सरायगनी निवासी शैलेंद्र कुमार मौर्य की 17 वर्षीया पुत्री वैष्णवी मौर्य उर्फ अनुपम यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह आरएस आनंद हूबराजी संवारी संस्कार इंटरमीडिएट कालेज मैलहा में पढ़ती थी। परीक्षा केंद्र मां कौशल्या देवी रमारानी मौर्य इंटर कालेज धमौर में गया था। 18 फरवरी से परीक्षा शुरू होनी है।
वह मंगलवार दोपहर परीक्षा केंद्र देखने फुफेरे भाई प्रदीप कुमार मौर्य निवासी दौलतपुर के मजरा देवरा के साथ बाइक से गई थी। वहां से दोनों घर लौट रहे थे। सरायगनी गांव के सामने धमौर मोड़ पर पीछे से तीव्र गति से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मारा। इससे वैष्णवी सड़क के बीच में गिरी और ट्रक उसे रौंदता हुआ आगे निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहंची बहरिया पुलिस ने घायल प्रदीप कुमार को अस्पताल भेजा और वैष्णवी के शव को कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि छात्रा के पिता शैलेंद्र कुमार मौर्य की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। |
|