रुद्रपुर में सात जगह कैमरे सक्रिय, एलएमवी पर 24 घंटे में एक बार 80 रुपये ग्रीन सेस लागू।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में एएनपीआर (आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरों के जरिए बाहरी राज्यों के वाहनों से ग्रीन सेस वसूली की व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी गई है। इस व्यवस्था के बाद दूसरे राज्यों के वाहनों की डिजिटल निगरानी के साथ टैक्स वसूली भी आटोमैटिक हो रही है।
एआरटीओ प्रशासन मोहित कोठारी ने बताया कि एलएमवी वाहनों के लिए ग्रीन सेस 24 घंटे में एक बार लागू होगा और इसकी दर 80 रुपये तय की गई है। शहर में सात स्थानों पर एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से गुजरते ही वाहन की नंबर प्लेट स्कैन होती है और ग्रीन सेस ऑटो कट हो जाता है।
उन्होंने बताया कि मुख्यालय स्तर पर मंथली और ईयरली पास को लेकर भी जानकारी ली जा रही है। संभावना है कि नियमित आवाजाही वाले वाहनों के लिए विशेष पास व्यवस्था लागू की जा सकती है।
परिवहन विभाग के अनुसार यह व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण और वाहनों की आवाजाही का सटीक डेटा जुटाने के लिए लागू की गई है। खासतौर पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की मानिटरिंग अब आसान हो गई है। राज्य सरकार भी इस व्यवस्था को प्रदूषण नियंत्रण और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए अहम मान रही है। उत्तराखंड में इसे चरणबद्ध तरीके से और मजबूत किया जा सकता है।
ग्रीन सेस की पूरी दर सूची
रजिस्ट्रेशन के समय (नॉन ट्रांसपोर्ट वाहन)
- मोटरसाइकिल – 500
- पेट्रोल कार – 1500
- डीजल कार – 3000
15 साल पुराने वाहन रिन्यू (हर 5 साल)
- मोटरसाइकिल – ₹1000
- पेट्रोल वाहन – ₹3000
- डीजल वाहन – ₹5000
ट्रांसपोर्ट वाहन (रजिस्ट्रेशन/फिटनेस समय)
पेट्रोल / डीजल (उम्र के अनुसार)
. 5 साल तक – ₹400 / ₹500
. 5 से 10 साल – ₹600 / ₹750
. 10 से 15 साल – ₹800 / ₹1000
. 15 साल से अधिक – ₹1000 / ₹1250
दूसरे राज्यों के वाहन (प्रति एंट्री)
. पैसेंजर कार / मैक्सी कैब – ₹80
. डिलीवरी वैन (3 टन तक) – ₹80
. लाइट गुड्स (3–7.5 टन) – ₹120
. मीडियम/हेवी गुड्स – ₹250
. बस (12 सीट से अधिक) – ₹140
. हेवी व्हीकल (एक्सल के अनुसार) – ₹450 से ₹700
ग्रीन सेस से छूट
. इलेक्ट्रिक / बैटरी / सोलर / सीएनजी / हाइब्रिड वाहन
. एंबुलेंस
. सेना वाहन
. कृषि ट्रैक्टर / हार्वेस्टर
. सरकारी वाहन
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बाहरी वाहनों की एंट्री पर कब से वसूला जाएगा ग्रीन सेस, CM धामी ने दे दिए निर्देश; रेवेन्यू में आएगा उछाल
यह भी पढ़ें- ग्रीन सेस की तैयारी: क्या है यह टैक्स, दिल्ली में पेट्रोल-CNG पर कितना पड़ेगा असर |