पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में रिहायशी इलाके को बनाया निशाना। (रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा अफगानिस्तान के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। हमले में कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक में महिलाओं और बच्चों सहित छह नागरिक मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए। यह नवीनतम हमला इस्तांबुल में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शांति वार्ता के तीसरे दौर के दौरान हुआ, जो कथित तौर पर गतिरोध में समाप्त हो गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने शुक्रवार को कहा कि गतिरोध के बाद वार्ता स्थगित कर दी गई है और बातचीत फिर से शुरू करने की तत्काल कोई योजना नहीं है।
अफगानी नागरिकों को निशाना बना रहा पाकिस्तान
अफगान नागरिक हयातुल्लाह ने बताया कि हमले में उनकी मां मारी गई और बेटी घायल हो गई। उन्होंने कहा कि घर पर दो-तीन मोर्टार के गोले गिरे। अन्य निवासी अब्दुल मनन ने कहा कि उनके घर पर तोप के दो गोले गिरे, जिससे बेटे और पोते की मौत हो गई। दो अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि कोई नहीं जानता कि हम किस दौर से गुजर रहे हैं।
पाकिस्तानी हमलों में संपत्ति को भारी नुकसान
रिहायशी इलाकों के अलावा, स्पिन बोल्डक स्थित एक व्यावसायिक केंद्र भी पाकिस्तानी सेना के हमलों में निशाना बना, जिससे व्यवसायों और संपत्ति को भारी नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह हमले अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन हैं। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और नागरिकों पर हमले किए।
पाकिस्तान के खैबर में हथगोला विस्फोट में तीन की मौत
पीटीआई के अनुसार, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक हथगोले में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शुक्रवार को खैबर की बारा तहसील में एक व्यक्ति के घर पर हुई। घायल व्यक्ति को डोगरा अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
(समाचार एजेंसी आइएएनएस के इनपुट के साथ) |