deltin33 • 2026-2-23 21:56:42 • views 919
तेजस्वी यादव और हिना शहाब। फाइल
राज्य ब्यूरो, पटना। राज्यसभा की एक सीट पर राजद ने अपना दावा ठोक दिया है। राजद के मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा है कि राजद की पुरानी नेता हिना शहाब को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए।
बिहार विधानसभा परिसर में सोमवार को मीडिया से भाई वीरेंद्र ने सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पांच सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव में एक सीट विपक्ष को मिलना तय है।
उन्होंने कहा उनकी व्यक्तिगत राय है कि किसी अल्पसंख्यक को विपक्ष के कोटे से राज्यसभा भेजा जाए। अल्पसंख्यक उम्मीदवार में हिना शहाब से बेहतर चेहरा और कोई नहीं।
यदि उन्हें उतारा गया तो सीट हम निकाल लेंगे। उन्होंने कहा हमारे इस तीर से एक साथ कई निशाने साध लिए जाएंगे। ओवैसी की पार्टी AIMIM के उम्मीदवार खड़ा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति कहता तो है।
लेकिन चुनाव का वक्त आता है तो बिसात बिछाने के बाद ही लड़ाई होती है। हमको नहीं लगता कि जो उम्मीदवार हम चाहते हैं उसका एआईएमआई एम विरोध करेगा।
मानसिक रूप से अनफिट हो चुकी है एनडीए सरकार : शक्ति
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बिहार विधानसभा के बजट सत्र के संचालन, खजाने की बदहाली और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष किया है।
उन्होंने विनियोग विधेयक पर हुई चर्चा के बाद कहा कि एनडीए सरकार पूरी तरह से दिवालिया एवं मानसिक रूप से अनफिट हो चुकी है।
सत्ता पक्ष ने लोकतंत्र में लोक-लज्जा का पूरी तरह से परित्याग कर दिया है। जनहित के मुद्दों पर विपक्ष की आवाज को जिस तरह से जानबूझकर दबाया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।
राज्य की चरमराती अर्थव्यवस्था पर प्रहार करते हुए शक्ति सिंह यादव ने कहा कि सरकार पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है और इसके पास विकास का कोई रोडमैप नहीं है।
बजट भाषण महज 11 मिनट में पढ़कर निपटा दिया गया और आज विनियोग विधेयक पर भी वित्त मंत्री ने कुछ ही मिनटों में जवाब देकर खानापूर्ति कर दी।  |
|