LHC0088 • 13 hour(s) ago • views 1008
टैंकर से पानी भरने के बाद लिफ्ट से फ्लैट में लेकर पहुंचे रेजिडेंट्स। जागरण
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ला रेजिडेंशिया सोसायटी में बुधवार को पेयजल की आपूर्ति चरमरा गई। जिसकी वजह से सोसायटी में रह रहे करीब सात हजार लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। निवासियों ने टैंकर मंगाकर किसी तरह दैनिक जरूरतों को पूरा किया। ऊपरी मंजिल पर फ्लैट में रह रहे लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
लोग बाल्टियों में पानी भरकर लिफ्ट के सहारे अपने फ्लैटों तक पानी ले जाते दिखे। लोगों का आरोप है कि रखरखाव प्रबंधन की पाइपलाइन में कमी की वजह से समस्या उत्पन्न हुई है। वही, बिल्डर द्वारा नोटिस जारी कर प्राधिकरण की पाइपलाइन में कमी होने की वजह से जलापूर्ति बाधित होने की बात कही है।
सोसायटी निवासी सुमिल जलोटा ने बताया कि सोसायटी में 29 टावरों में मौजूदा समय में करीब 22 सौ परिवार निवास कर रहे हैं। मंगलवार शाम के समय एक टावर के पास पाइपलाइन फट गई, जिसकी वजह से रात भर अंडरग्राउंड वाटर टैंक नहीं भर पाए और सुबह वह खाली हो गया।
बुधवार को लोगों को सुबह उठकर पानी का इस्तेमाल करना शुरू किया गया, जिस पानी का इस्तेमाल लोग 11 से 12 बजे तक ही कर पाए। इसके बाद धीरे-धीरे सोसायटी में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित होने लगी। जब लोगों ने इसकी शिकायत करना शुरू किया गया तो बिल्डर प्रबंधन द्वारा एक नोटिस जारी किया जिसमें बताया गया कि प्राधिकरण की पाइपलाइन फटने या कुछ खराबी आने की वजह से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
लोगों के नाराजगी जताने पर टैंकर मंगाकर दैनिक जरूरतों को पूरा किया गया। सोसायटी के लोगों का आरोप है कि आगे गर्मी का सीजन शुरू होने वाला है। पूर्व में भी कई बार पानी की आपूर्ति प्रभावित हो चुकी है। गर्मियों में बिना पानी के लोगों का बुरा हाल हो जाएगा। लोगों का आरोप है कि हर महीने समय से मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान किया जाता है। उसके बावजूद भी सुविधाएं नहीं मिल रही है।
ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुई टैंकर से आपूर्ति
सोसायटी के लोगों का आरोप है कि सोसायटी में सात हजार से अधिक लोग निवास कर रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी पानी के टैंंकर नहीं मंगाए गए। लोगों ने निजी तौर पर व्यवस्था कर नौ से 10 टैंकर मंगाए गए। टैंकर से की गई पानी की आपूर्ति निवासियों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुई। किसी तरह निवासियों ने दैनिक जरूरतों को पूरा किया।
यह भी पढ़ें- फाइलों में क्यों अटकी है ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो? जंतर मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी; लोगों की चेतावनी |
|