जागरण संवाददाता, अयोध्या। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि महाविद्यालय के प्रभारी व अधिष्ठाता डॉ. धीरेंद्र सिंह के विरुद्ध चार सदस्यीय कमेटी जांच करेगी। जांच का आदेश दो दिन पहले आजमगढ़ के मंडलायुक्त नितीश ने 16 फरवरी को दिया है। यह प्रकरण कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस में स्थित कृषि महाविद्यालय से जुड़ा नहीं है जिसके वह प्रभारी अधिष्ठाता हैं।
जांच से जुड़ा प्रकरण कृषि विश्वविद्यालय के ही दूसरे कृषि महाविद्यालय, कोटवा-आजमगढ़ का है जिसके वह सह अधिष्ठाता हैं। उसी से जुड़ी शिकायत आजमगढ़ के ही मेसर्स मीरा कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेके के भुगतान से संबंधित है। जांच टीम को सात दिन में स्थलीय निरीक्षण एवं अभिलेख देखकर कार्य के सापेक्ष धनराशि का आकलन कर रिपोर्ट देनी है।
पेंट और मैन पावर की आपूर्ति करती है कंपनी
सह अधिष्ठाता डा. धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मेसर्स मीरा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने जितना कार्य कराया है, उसका भुगतान कर दिया गया है। कंपनी पेंट व मैन पावर की आपूर्ति करती है। आए दिन भुगतान न होने की शिकायत जिला, मंडल से लेकर राजभवन तक करती है।
आठ दिन पहले 11 फरवरी को उनको भी भुगतान के लिए पत्र भेजा है। किसी प्रकार का भुगतान बाकी नहीं है। मंडलायुक्त की जांच कमेटी को अभिलेख के अनुसार कराये गए कार्य की धनराशि का आकलन स्थलीय निरीक्षण कर करना है। जांच रिपोर्ट से उसके रोज-रोज की शिकायत का सच सामने आ जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार CGST ने मिट्टी के बर्तन बनाने वाले को भेजा एक करोड़ का नोटिस, विभाग ने समन में क्या-क्या लिखा?
जांच कमेटी में अपर आयुक्त प्रशासन- अध्यक्ष, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) माटीगंज-आजमगढ़ सुनील धंवंता, अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग-आजमगढ़ मंडल व संकर्षण लाल, अधिशासी अभियंता- निर्माण खंड-दो, लोक निर्माण विभाग-आजमगढ़ सदस्य नामित हैं। |
|