जलालगढ़-किशनगंज रेल लाइन DPR से सीमांचल में खुशी
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। जलालगढ़-किशनगंज (51.632 किमी) नई रेल लाइन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रेलवे बोर्ड को भेजे जाने की खबर से सीमांचल के लोगों में भारी उत्साह है।
इस उपलब्धि पर पूर्णिया के प्रसिद्ध सर्जन, भाजपा नेता सह दधीचि देहदान समिति के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉक्टर अनिल कुमार गुप्ता (डॉ. एके गुप्ता) ने हर्ष व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी है और केंद्र सरकार का आभार प्रकट किया है।
17 साल का वनवास होगा खत्म
डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि 2008-09 से लंबित यह परियोजना सीमांचल की सबसे बड़ी मांग रही है। उन्होंने कहा, 17 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अब यह सपना हकीकत में बदलता दिख रहा है। पूर्णिया में लगभग 100 साल बाद नई रेल पटरी बिछने की उम्मीद जगी है, जो जिले के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
सुरक्षा और समृद्धि का नया मार्ग
डॉ. गुप्ता ने इस रेल रूट के सामरिक महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह परियोजना चिकन नेक इलाके के लिए एक अभेद्य सुरक्षा कवच और वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगी। इससे न केवल सामरिक परिवहन सुलभ होगा, बल्कि जलालगढ़, अमौर और बैसा जैसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि आएगी। 8 नए स्टेशनों के बनने से स्थानीय व्यापारियों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. एके गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार, विशेषकर सीमांचल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बजट में परियोजना के लिए पर्याप्त फंड जारी होगा और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। |
|