गिरफ्तार आरोपी। (जागरण)
संतोष कुमार पांडेय, अनुगुल। केंदुझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में 19 जनवरी को हुई करोड़ों रुपये की सशस्त्र डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
ओडिशा पुलिस ने झारखंड पुलिस के सहयोग से इस मामले में दो मुख्य साजिशकर्ताओं को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा कुमार सिंह और कुणाल राज शर्मा के रूप में हुई है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा लाया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के पास से डकैती में लूटे गए सोने में से 288 ग्राम सोना बरामद किया गया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और कुछ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी इस डकैती के मुख्य साजिशकर्ता थे और गिरोह के अन्य सदस्यों को लॉजिस्टिक व पलायन में मदद कर रहे थे।
गौरतलब है कि 19 जनवरी को दोपहर करीब दो बजे पांच से छह हथियारबंद बदमाशों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को पिस्तौल दिखाकर धमकाया था।
बदमाशों ने बैंक की तिजोरी का दरवाजा खुलवाकर करीब 43.4 लाख रुपये नकद और पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसी क्रम में सुराग झारखंड के धनबाद तक पहुंचे, जहां से दोनों आरोपियों को दबोचा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जिस पर पुलिस और बैंक प्रशासन ने सुरक्षा उपायों की समीक्षा शुरू कर दी है। |
|