आग की उठती लपटें और जुटी लोगों की भीड़। (फोटो- जागरण)।
जागरण संवाददाता, धनबाद। शहर के सरायढेला थाना क्षेत्र के न्यू बैंक कोलानी स्थित कचरा गोदाम में शनिवार को आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि आसपास के मकानों से लोगों को बाहार निकाल दिया गया। करीब पांच घंटे की मश्क्कत के बाद आग पर किसी तरह से काबू पाया जा सका। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। जबकि कचरा गोदाम के आसपास बने मकानों की वायरिंग, पीने की पाइप और दीवारों को क्षति हुई है। जिस कचरा गोदाम में आगलगी की घटना हुई, वह घनी आबादी के बीच में स्थित है।
यहां अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन भी नहीं पहुंच सके। छोटे दमकल से ही किसी तरह आग को बूझाया गया। इधर अग्निशमन विभाग ने सीगरेट अथवा अन्य जलती चीजें गोदाम में फेंके जाने से आग लगने का अनुमान लगा रही है।
प्लास्टिक और कागजों से भड़की आग, फटने लगी बोतलें
सुबह करीब 10 बजे कचड़ा गोदाम में आग लगी। देखते ही देखते आग की लपटें 40 से 50 फीट तक उंची उठने लगी। न्यू बैंक कालोनी का पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। गोदाम में रखे कागज, प्लास्टिक व कांच की बोतलों के कारण आग ने भयावह रूप धारण कर लिया।
घटना के बाद कालोनी में अफरा-तफरी मच गयी। आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इधर गोदाम में आग लगने के कुछ देर बाद भी शीशे की बोतलों के फटने की आवाजें आने लगी। यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
पुलिस पहुंची, लोगों को हटाया
घटना की सूचना मिलने के बाद सरायढेला थाना पुलिस पहुंची और सबसे पहले आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को उनके घरों से बाहार रहने की अपील। वैसे तो लोग पहले की घर खाली कर चुके थे, लेकिन पुलिस के कहने पर अन्य घरों की लोगों ने भी अपना मकान छोड़ दिया।
नहीं पहुंच सके बड़े दमकल वाहन
सूचना पर झारखंड अग्निशमन सेवा धनबाद का दमकल वाहन भी पहुंचा, लेकिन संकीर्ण रास्ता और बिजली के हाई वोल्टेज तार होने के कारण वह घटना स्थल तक नहीं जा सका। अग्निमशन दल के सुभाषचंद्र मुंडा ने बताया कि बड़े वाहनों को मुख्य सड़क पर रखा गया और वहां से पाइप जोड़ कर पानी को आग तक पहुंचाया गया।
इससे पहले अग्निशमन का छोटे वाहन का भी उपयोग किया गया, लेकिन इन वाहनों में प्रेशर कम होने के कारण यह कारगर साबित नहीं हुए। काफी लंबे मशक्त के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर इसे बुझाने का प्रयास भी किया।
10 सालों से चल रहा गोदाम, बढ़ गयी आबादी
गोदाम संचालक सूरज कुमार ने बताया कि 10 सालों से उनका गोदाम संचालित हो रहा है। उस समय उनके गोदाम के आसपास आबादी काफी कम थी। मकान में नहीं के बाराबर हुआ करते थे।
हाल के वर्षों में न्यू बैंक कालोनी की आबादी में काफी इजाफा भी हुआ है और अब यह इलाका काफी घना हो गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की कोई जानकारी उन्हें नहीं हैं। सूरज के अनुसार लाखों का नुकसान हुआ है। |