cy520520 • 2025-12-20 21:38:05 • views 931
हिमाचल में एचआरटीसी कर्मशालाओं में स्टाफ की कमी दूर होगी। प्रतीकात्मक फोटो
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की कर्मशालाओं (वर्कशाप) में कर्मचारियों की कमी जल्द दूर होगी। कर्मशालाओं में आधुनिक उपकरण व अन्य स्पेयर पार्ट्स मुहैया करवाए जाएंगे। निगम के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल ने तकनीकी कर्मचारी संगठन को इसका आश्वासन दिया है। संघ की बैठक निगम के प्रबंध निदेशक के साथ आयोजित हुई। इसमें सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कर्मचारियों की कमी के कारण सड़क पर खड़ी हो रही बसें
कर्मचारियों ने कहा कि कर्मशालाओं में तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी है। बसों के मरम्मत का कार्य प्रभावित होता है। इस कारण ही बसें सड़क पर खड़ी हो रही हैं। निगम प्रबंधन ने कहा कि इस कमी को दूर करने की प्रक्रिया जारी है। प्रबंधन नई भर्ती भी करेगा और युक्तिकरण की प्रक्रिया के तहत भी कमी को दूर किया जाएगा। इस पर काम शुरू हो चुका है।
यूनियन पदाधिकारी बोले, जल्द शुरू की जाए प्रक्रिया
पीस मील वर्करों को अनुबंध पर लाने के निर्णय का यूनियन ने स्वागत करते हुए इसके लिए उप मुख्यमंत्री व एमडी का आभार व्यक्त किया। यूनियन ने कहा कि इस प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाए। प्रबंधन ने कहा कि जनवरी आखिरी सप्ताह तक सभी पीस मील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध में परिवर्तित कर दिया जाएगा।
कलपुर्जों व वेतन विसंगति का मामला भी उठा
बैठक में कर्मशालाओं में कलपुर्जों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा तकनीकी कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों का मुद्दा भी रखा गया। प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि इस में सुधार किया जाएगा। कर्मशालाओं में अन्य ड्यूटी और आधुनिक मशीनें व उपकरण उपलब्ध करवाने का आश्वासन प्रबंध निदेशक ने दिया है। कर्मशालाओं का सुधार किया जाएगा।
कर्मशाला कर्मचारियों की प्लेसमेंट पर भी जल्द ही पुनर्विचार करने का आश्वासन मिला है। फोरमैन पद पर पदोन्नति के लिए समयावधि को कम करने का आश्वासन प्रबंधन ने संगठन को दिया है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में संगठन के अध्यक्ष पूर्ण शर्मा, प्रधान खेम चंद, महासचिव एचके शर्मा सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया। संगठन ने उम्मीद जताई कि उन की मांगों पर तय समय पर पूरा किया जाएगा। |
|