deltin33 • 2025-12-20 02:37:09 • views 871
जागरण संवाददाता, मेरठ। सर्दी का प्रकोप शुरू होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। गरीबों को सर्दी की मार से बचाने के लिए पहले चरण में जनपद में 4800 कंबल की खरीद करके प्रत्येक तहसील को 1600 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। जनपद के राहत आपदा अधिकारी एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने दावा किया कि तहसीलों द्वारा पात्र गरीबों को इनका वितरण भी शुरू कर दिया गया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वहीं अलाव जलाने के लिए भी प्रत्येक तहसील को 50 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक तहसील को ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 20 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा अपने क्षेत्रों में अलाव जलवाएं जा रहे हैं।
एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि सर्दी बढ़ते ही गरीबों को कंबल वितरित करने का आदेश तहसीलों को दे दिया गया है। शासन द्वारा इसके लिए जनपद को प्रथम किश्त के रूप में 20 लाख रुपये प्रदान भी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन को मांग के मुताबिक कंबलों की खरीद करनी है। इसके लिए धनराशि की सीमा की बाध्यता नहीं है।
पहले चरण में 4800 कंबल खरीदे गए हैं। प्रत्येक तहसील को 1600 कंबल उपलब्ध कराकर उनका वितरण भी शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि तहसील द्वारा जांच करके पात्र गरीबों को ही इन कंबलों का वितरण किया जा रहा है। पात्रों की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त कंबल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने का आदेश भी तहसीलों के एसडीएम और तहसीलदार को दिया गया है। प्रत्येक तहसील में कम से कम 20 स्थानों पर अलाव जलवाएं जाने हैं। इसके लिए प्रत्येक तहसील को 50 हजार रुपये उपलब्ध भी करा दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। |
|