असिता ईस्ट पार्क में हाट एयर बैलून का आनंद लेने के लिए करना होगा इंतजार  
 
  
 
  
 
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुए असिता ईस्ट पार्क में हाट एयर बैलून का आनंद लेने के लिए दिल्ली के लोगों को अभी इंतजार करना होगा। डीडीए ने दावा किया था कि सितंबर में लोग बैलून की सवारी कर सकते हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
लेकिन पार्क में एक माह से यमुना का पानी भरा हुआ है। उस पानी को निकालने के लिए डीडीए ने यहां चार पंप लगाए हैं। जिस तरह के पार्क में हालात बने हुए हैं, उसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि अक्टूबर में भी बैलून की सुविधा शुरू नहीं हो सकेगी।  
 
  
 
गत अगस्त के आखिर में यमुना का जल स्तर खतरे के निशान को पार करके 206 मीटर से अधिक चला गया था। असिता पार्क यमुना के पास ही बना हुआ है। यमुना का पानी पार्क में भर गया था। पानी भरने की वजह से एक माह से आम लोगों के लिए यह पार्क बंद हैं। जिस दौरान पार्क पानी में डूबा, उस वक्त डीडीए पार्क में हाट एयर बैलून शुरू करने की तैयारी कर रहा था।  
 
डीडीए के अधिकारियों ने बताया कि पार्क में पानी बहुत ज्यादा भरा हुआ है। चार दिन से पार्क के पानी को पंप के जरिये वापस यमुना में डाला जा रहा है। पानी निकलने के बाद कीचड़ को साफ किया जाएगा। फुटपाथ व मोरम पथ भी पानी में डूबे हुए हैं। पानी भरे होने के कारण बिजली व्यवस्था भी ठप है। बाढ़ के कारण पार्क का मोरम पथ खराब हो गया है। उसे ठीक करने के लिए डीडीए ने टेंडर निकाला है।  
 
  
 
नौ अक्टूबर तक लोग टेंडर के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। टेंडर होने के कारण मोरप पथ व अन्य चीजें ठीक की जाएंगी। इससे पहले पार्क की सफाई की जाएगी, ताकि लोगों के लिए फिर से शुरू किया जा सके। बैलून वाली सुविधा भी शुरू की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि वह समय नहीं बता सकते हैं, लेकिन पार्क के हालात ठीक होने के बाद वह बैलून की सुविधा शुरू करेंगे।  
पार्क में यह सुविधाएं हैं  
 
चार हजार से अधिक पेड़  
 
  
 
800 गोल्डन बांस के पेड़  
 
नजारे का लुत्फ उठाने के लिए दस बेंच  
 
डहेलिया, बबूने, एलाइसम, नीलकूपी, कैलेडुला, हालिहाक, आपियम पापी सहित अन्य प्रजाति के रंग-बिरंगे फूल  
 
जैव शौचालय, शेल्टर, मार्गदर्शक बोर्ड, मल्टीपर्पज एरिया, ‘मेरी यमुना’ सहित अन्य सेल्फी प्वाइंट |