deltin33 • 2025-12-19 00:07:33 • views 1229
संवाद सूत्र, गोंडा। छेड़खानी के आरोपित के जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद बुधवार देर शाम घर में कमरे में पंखे पर फंदे से लटककर जान देने का मामला सामने आया है। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। यही नहीं, मृतक ने घर के कमरे में महिला से चैट का स्क्रीनशाट प्रिंट कराकर दीवार पर चस्पा कर रखा था। पुलिस ने मृतक के पड़ोस के रहने वाले दंपती पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा किया है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
कोतवाली देहात के मधईपुर गुलाब पुरवा के रहने वाले अशोक कुमार श्रीवास्तव गिर्द गोंडा के गायत्रीपुरम में मकान बनवाकर बेटे अभिषेक व बेटी आस्था के साथ रहते थे। वर्ष 2018 में अशोक कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। कुछ समय बाद उनकी पत्नी का भी निधन हो गया। अभिषेक व आस्था दोनों मकान में रहते थे।
अभिषेक श्रीवास्तव ने बुधवार की शाम को घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। छेदीपुरवा निवासी मृतक के चचेरे भाई उदभव श्रीवास्तव ने दी गई तहरीर में कहा कि मृतक के पड़ोस के रहने वाले दंपती सोनल सिंह व अजीत सिंह ने उनके चचेरे भाई पर छेड़खानी का फर्जी मुकदमा कराया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
दस दिन जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया। फर्जी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही उसका भाई अवसाद में रहता था। दंपती उसे लगातार ब्लैकमेल करते थे और रुपये की मांग करते थे। प्रताड़ना से तंग आकर अभिषेक ने जान दे दी है। उन्होंने बताया कि कमरे में अभिषेक ने सोनल सिंह व उसके पति अजीत सिंह से फोन पर किए गए चैटिंग व काल का स्क्रीनशाट को प्रिंट करवाकर दीवार पर चस्पा करा रखा था।
सुसाइड नोट में भी प्रताड़ित किए जाने की बात लिखी थी। उसकी सुनवाई न होने का भी जिक्र सुसाइड नोट में किया था। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपितों पर मुकदमा किया गया है। पूछताछ की जा रही है। |
|