मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार।
संवाद सहयोगी, जागरण, बलियापुर (धनबाद)। धनबाद नगर निगम झारखंड के 48 नगर निकायों में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। 23 अप्रैल को मतदान है। इससे पांच दिन पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को धनबाद के बलियापुर पहुंचे। एक पखवारे में मुख्यमंत्री का यह दूसरा धनबाद दाैरा था। इससे पहले वह 4 फरवरी को झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने आए थे।
यूं तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बलियापुर दाैरा राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था। वे सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के छोटे भाई दिवंगत डॉ. बुद्धदेव महतो के श्रद्धाकर्म में शामिल होने आए थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन बड़ादाहा स्थित विधायक आवास पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत डॉ. महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री के आगमन पर बलियापुर हवाई पट्टी स्थित हेलीपैड पर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन व अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे विधायक चंद्रदेव महतो के बड़ादाहा स्थित आवास पहुंचे। जहां स्वयं विधायक चंद्रदेव महतो ने उनका स्वागत किया। वही निरसा विधायक अरुण चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह, आनंद महतो, हलधर महतो ने भी स्वागत किया।
इस दाैरान सिंदरी के भाकपा माले विधायक चंद्रदेव महतो के घर में कुछ देर के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, निरसा के माले विधायक अरुप चटर्जी, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह और धनबाद के मेयर का चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर अग्रवाल एक साथ बैठे। आपस में बातचीत हुई। हालांकि क्या बातचीत हुई, इसकी कोई जानकारी मीडिया को नहीं दी गई।
4 फरवरी को धनबाद में झामुमो के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर निकाय चुनाव मजबूती से लड़ने का एलान करते हुए कहा था-गांव में कब्जा हो चुका है, अब शहर पर कब्जा करना है। हालांकि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। इसके बावजूद सभी दल पूरी ताकत के साथ लड़ रहे हैं।
झामुमो ने धनबाद मेयर के चुनाव में चंद्रशेखर अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। वे 2015 से 2020 के बीच धनबाद का मेयर रह चुके हैं। कोरोना के कारण समय पर चुनाव नहीं हो सका। छह साल के अंतराल पर चुनाव हो रहा है।
नगर निकाय चुनाव के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के धनबाद दाैरे को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। क्योंकि यह चुनाव झामुमो के लिए एक अवसर है। शहरी क्षेत्र में अब तक झामुमो चुनावी सफलता नहीं मिलती रही है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे बड़दाहा, सिंदरी विधायक के भाई को दी श्रद्धांजलि, झामुमो ने किया स्वागत
चंद्रशेखर अग्रवाल भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल होने के बाद मेयर का चुनाव लड़ रहे हैं। झामुमो के साथ ही सहयोगी दल भाकपा माले के लोग भी अग्रवाल की जीत के लिए लगे हुए हैं। |
|