शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर लगाई फटकार, उप नगर आयुक्त को किया तलब। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Bus Stand: टंडसपुर में सरकारी बस स्टैंड निर्माण के लिए जमीन से संबंधित प्रस्ताव समय पर नहीं भेजने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही सामने आने पर बथनाहा के अंचलाधिकारी (सीओ) का वेतन भुगतान रोक दिया गया है।
समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इसी क्रम में टंडसपुर और बथनाहा क्षेत्र में प्रस्तावित सरकारी बस स्टैंड निर्माण को लेकर जमीन प्रस्ताव भेजने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीओ को तलब किया और वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश दिया।
वहीं, रुन्नीसैदपुर बाजार एवं सरकारी बस स्टैंड को अतिक्रमण से मुक्त कराकर सुचारू रूप से संचालित कराने की जिम्मेदारी एसडीओ सदर को सौंपी गई है। डीएम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहर में लगेगी ट्रैफिक लाइट
शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या के समाधान को लेकर बैठक में ट्रैफिक लाइट लगाने पर चर्चा की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि विश्वनाथपुर चौक, शंकर चौक, कारगिल चौक, किरण चौक, गौशाला चौक और महंथ साह चौक पर ट्रैफिक लाइट अधिष्ठापन के लिए जिलाधिकारी स्तर से परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इन स्थानों पर ट्रैफिक लाइट के साथ एएनपीआर कैमरा लगाने का भी अनुरोध किया गया है।
शंकर चौक पर शुरू होगी पार्किंग
मुख्यालय डुमरा स्थित शंकर चौक पर चिन्हित पार्किंग स्थल को शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने नगर निगम और खेल विभाग को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही ई-रिक्शा और ऑटो के सुव्यवस्थित परिचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके।
नाबालिगों द्वारा ऑटो चलाने की शिकायत पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए ट्रैफिक डीएसपी, डीटीओ और संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। अंडर एज ऑटो चालकों पर कार्रवाई करने और ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ सख्ती बरतने को कहा गया। जिले के प्रमुख स्थलों पर चेक पोस्ट की संख्या बढ़ाने और नियमित जांच कराने के भी निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई पर निगम को फटकार
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर डीएम ने नगर निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मुख्य चौक-चौराहों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम की भूमिका शहरी व्यवस्था में सबसे अहम है, लेकिन वर्तमान स्थिति संतोषजनक नहीं है। साफ-सफाई और कचरा उठाव में लापरवाही को लेकर उप नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया गया। |