जागरण संवाददाता, नौतनवा। नगर के बिस्मिल शाह नगर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में स्वजन की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।
विस्मिल शाह नगर निवासी शुभम कुमार प्रजापति उर्फ विकास बीते मंगलवार को अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गया। स्वजन ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह सात बजे उसकी मृत्यु हो गई। युवक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में बड़ा भाई आकाश है, जो कपड़े की दुकान पर काम करता है।
वह ई-रिक्शा चलाता था और उस पर बैंक व समूह का कर्ज था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वह नेपाल स्थित कैसीनो में जुआ खेलने जाता था और काफी धनराशि हार जाने के कारण मानसिक तनाव में रहने लगा था। कर्ज और आर्थिक दबाव के चलते वह अवसाद में था।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम व थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। |
|