मृतका राधिका
संवाद सूत्र, जागरण मुजफ्फरनगर। मीरापुर क्षेत्र के एक गांव में महिला ने पति द्वारा नया मोबाइल फोन नहीं दिलाने पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला का पति कपड़ों की फेरी लगाने काम करता है और इसी काम के लिए वह उड़ीसा गया हुआ है।
इस घटना से उनके दो वर्षीय पुत्र का हाल बेहाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव खेड़ी सराय निवासी प्रेमो की बहू कांति प्रसाद ने बताया कि उसके पुत्र आशीष ने तीन वर्ष पूर्व 24 वर्षीय राधिका उर्फ खुशनुमा से प्रेम विवाह किया था।
डेढ़ माह पहले आशीष कपड़ों की फेरी के सिलसिले में उड़ीसा गया था। गुरुवार की शाम राधिका ने फोन पर अपने पति से बात की और नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए 10 हजार रुपये मांगे। आशीष ने 2 हजार रुपये भेजकर कुछ दिन बाद फोन दिलाने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार की सुबह, जब सास प्रेमो जंगल गई हुई थीं, तब लगभग 11 बजे राधिका ने पशुओं के बाड़े में जाकर छत के कुंदे में रस्सी का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। मां के न दिखाई देने पर दो वर्षीय वंश लगातार रोता रहा, तब पड़ोसी ऊषा ने बच्चे को चुप कराते हुए राधिका को खोजा।
राधिका फंदे पर लटकी मिली, जिसे देखकर ऊषा की चीख निकल गई। सूचना मिलने पर सीओ रूपाली राय, नायब तहसीलदार अजय सिंह और इंस्पेक्टर राजीव शर्मा मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि मृतका अपने पति से नया मोबाइल फोन मांग रही थी। आशीष को घटना की सूचना दे दी गई है।
यह भी पढ़ें- बांदा में मौत बनकर दौड़ी थार: युवक को कुचलते हुए बंद दुकान में घुसी, मची अफरा-तफरी |
|