देकुली धाम में चला प्रशासन का बुलडोजर
जागरण संवाददाता, शिवहर। देकुली धाम में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनों अधिक कच्चे व पक्के दुकान तथा गुमटी पर जिला प्रशासन का बुलडोजर चला।
अधिकारियों, पुलिस कर्मियों व मजदूरों के साथ पहुंची टीम ने मंदिर के सामने व पश्चिमी भाग में सड़क के किनारे अतिक्रमित की गई एनएच की जमीन पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इस दौरान दुकानदारों में अफरातफरी मची रही।
दुकानदार आक्रोशित दिखे। दुकानदारों ने माना कि प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर चलाया है। लेकिन उन्हें किसी भी प्रकार की न तो नोटिस दी गई थी और नहीं अपना ढ़ांचा हटाने का मौका दिया। दुकानदारों ने बताया कि दो दिन बाद भी अतिक्रमण हटाया जा सकता था। महाशिवरात्रि पर यहां मेला लगता है।
देकुली धाम का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के बाद से यहां लगातार श्रद्धालु बढ़ रहे थे। दुकानदारों को उम्मीद थी कि महाशिवरात्रि पर अच्छा-खासा कारोबार होगा। लेकिन इसी बीच शुक्रवार को चले प्रशासनिक बुलडोजर ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में ही दुकानदारों को एनएच की जमीन से अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था। लेकिन एनएच की जमीन खाली नहीं की गई। लिहाजा यह कार्रवाई की गई है।
हालांकि एनएच के कार्यपालक अभियंता प्रतीक कुमार ने बताया कि नोटिस दिए जाने के बाद भी अतिक्रमण नही हटाया गया था। लिहाजा जिला प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की गई है।
हालांकि अब भी एनएच की जमीन पर अतिक्रमण बरकरार है। देकुली धाम में महाशिवरात्रि मेले को लेकर शुक्रवार को दूरदराज से भी दुकानदार पहुंचने लगे थे और आसपास में अपनी दुकानें लगाने लगे थे। इसी बीच प्रशासन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के चलते दुकानदार अपना बोरिया-बिस्तर बांध कर वापिस चले गए। |
|