गैंगस्टर पवन उर्फ मूसा
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार की सीआईए-1 टीम ने कुख्यात गैंग्सटर पवन उर्फ मूसा को पीरावाली गांव में एनकाउंटर में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया है। पवन मूसा के पीरावाली में नशा आदि लेने के लिए आने की सूचना पर पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी की।
दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पवन मूसा के पांव में गोली लगी। जिसके बाद सीआईए टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे घायलावस्था में नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। गैंग्सटर मूसा पर लूट, हत्या, डकैती सहित 25 से ज्यादा मामले विभिन्न राज्यों के थानों में दर्ज है। पुलिस काफी दिनों से मूसा की तलाश कर रही थी।
पवन मूसा मूल रूप से हांसी के नारनौंद गांव के मोठ का रहने वाला है। पवन मूसा हिसार में नकली साइबर टीम बनकर लोगों से हथियार के बल पर यूएसटीडीटी एवं ऑनलाइन राशि ट्रांसफर कराने के दो मामलों में वांछित था। उस पर हिसार शहर थाना में व बरवाला थाना में दो मुकदमें दर्ज हैं। इन दोनों मामलों में पहले ही तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका था। चौथे आरोपित पूवन मूसा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया है।
सूचना पर पुलिस टीम ने की कार्रवाई
शुक्रवार देर रात नौ बजे के करीब हिसार की सीआईए वन टीम को सूचना मिली कि पवन मूसा गांव पीरावाली में किसी वारदात को अंजाम देने या नशा लेने के लिए आ सकता है। सूचना पर सीआइए टीम ने पीएसआई करण के नेतृत्व में टीम गठित कर फ्लाईओवर के पास जाल बिछा दिया।
यह भी पढ़ें- हिसार होटल में व्यापारी की मौत, पुलिस दो एंगल से कर रही जांच; खंगाली CCTV फुटेज
जैसे ही पवन मूसा गांव पीरावाली की तरफ आता दिखा तो सीआईए टीम ने उसे घेर लिया। पीएसआई करण ने बताया कि खुद को घिरता देखकर उसने पुलिस पर फायरिंग की। जिसमें पीएसआई नवीन व एचसी अजय नेहरा के बाडी प्रोटेक्टर पर गोली लगी।
इसके बाद जवाबी फायरिंग में मूसा के पांव में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपित से वारदात में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। मामले में जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। |
|