मां के लिए दवा खरीदने गए बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत
जागरण संवाददाता, बेतिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम 5:45 बजे सड़क हादसे में बरवत सेना वार्ड संख्या 38 निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र रामबालक कुमार (22 वर्ष) की मौत हो गई। वह अपनी मां के लिए दवा खरीदने बाजार गया था।
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नाका प्रभारी मदन कुमार मांझी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के फर्द बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इधर, जीएमसीएच में मौजूद मृतक के परिजनों ने बताया कि रामबालक बाइक से अपनी मां के लिए पिपरा बाजार से दवा लेने गया था। दवा लेकर घर लौटने के दौरान मछली लोक के समीप किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच ले जाने लगी। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जीएमसीएच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक रामबालक दो भाइयों और दो बहनों में छोटा था।
आगामी 19 फरवरी को उसके बड़े भाई की शादी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। |
|