कैप्शन: थानेदार ने छीनी गाड़ी और पिस्टल। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, मानसा। लिफ्ट लेने के बाद गाड़ी चालक से उसका पिस्तौल और इनोवा गाड़ी छीनने वाले थानेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने वाला थानेदार पुलिस लाइन में तैनात था। सात फरवरी को गुरप्रीत सिंह मानसा से मुक्तसर अपनी गाड़ी में विवाह समारोह में हिस्सा लेने के जा रहा था।
इस दौरान रामदित्तेवाला चौक के पास एक पुलिस कर्मचारी ने लिफ्ट मांगी और कुछ दूरी पर जाकर गुरप्रीत सिंह से मारपीट करते उसे झाड़ियों में फेंक दिया और फायर भी किया। इसके बाद थानेदार गाड़ी व पिस्तौल छीनकर कर फरार हो गया। हादसे में जख्मी गुरप्रीत सिंह को इलाज के लिए सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया। घटना के दूसरे दिन पिस्तौल छीनने वाले थानेदार की ओर से रास्ते में उस पिस्टल से फायर करने की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई तो गुरप्रीत सिंह ने शक जताया कि वे उससे छीना असलहा हो सकता है।
इनोवा गाड़ी भी बरामद
पुलिस कर्मचारी द्वारा मारपीट कर गाड़ी और पिस्तौल छीनने का मामला ऑपरेशन प्रहार-2.0 दौरान मानसा पहुंचे डीआइजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह के पास पहुंचा था। थाना सदर इंचार्ज जसप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज करने के बाद गांव सींगो निवासी थानेदार धन्ना सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करते उसे गिरफ्तार करते इनोवा गाड़ी व पिस्तौल भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। |