सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, निगोहां। पत्नी के लापता होने पर हत्या की आशंका जताने वाले किसान के मामले में जांच के बाद ऐसा मोड़ आया कि हर कोई हैरान रह गया। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि महिला सकुशल है और बंथरा में अपने प्रेमी रिश्तेदार के यहां रह रही थी। बाद में उसे थाने लाया गया, जहां काउंसलिंग के दौरान उसने पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले निगोहा के एक गांव के किसान ने पत्नी के अचानक गायब होने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी,उसने आशंका व्यक्त की थी कि कहीं उसकी हत्या कर शव गायब न कर दिया गया हो। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की। मोबाइल सर्विलांस और रिश्तेदारों से पूछताछ के आधार पर महिला का पता बंथरा क्षेत्र में चला।
पुलिस महिला को बरामद कर निगोहा थाने लाई, अधिकारियों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग कराई गई। महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी और अब पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसने विवाह के 12 साल बाद अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने की बात कही।
यह सुनकर थाने में मौजूद पति कुछ देर तक खामोश रहा। पुलिस ने परिवार और बच्चों का हवाला देकर महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। अंततः पति ने भी पत्नी की इच्छा को स्वीकार कर लिया। उसने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने दिया और अपने 11 वर्षीय बेटे व बेटी को साथ लेकर घर लौट गया। साथ ही उसने दर्ज कराई गई अपनी शिकायत भी वापस ले ली। इस घटनाक्रम के बाद थाने परिसर में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पूरे इलाके में मामला चर्चा का विषय बना रहा।
एसआई आनंद सिंह का कहना है कि महिला बालिग है और उसने अपनी इच्छा से निर्णय लिया है, इसलिए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जाने दिया गया।- विमल सिंह चौहान, निगोहां। |