नई दिल्ली। टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास लिमिटेड (Voltas Limited Shares) के शेयरों ने गर्मी आने से पहले तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 12 फरवरी के कारोबारी सत्र में वोल्टास के शेयरों ने 52 सप्ताह का नया स्तर छू लिया और 1546 रुपये का हाई लगा दिया। गर्मी के मौसम से पहले ही शेयर में आई यह तेजी बताती है कि संभावित मांग वृद्धि को बाजार पहले ही कीमतों में शामिल कर रहा है। वोल्टास के शेयर 12 फरवरी को 1502 रुपये पर खुले और इंट्रा डे के दौरान 52 वीक हाई लगा दिया और करीब 2 फीसदी की तेजी के साथ 1535 रुपये पर बंद हुए।
वोल्टास के शेयरों का 52-हफ्तों के उच्च स्तर पर पहुंचना महज 1.51% की बढ़त नहीं, बल्कि बाजार के मजबूत भरोसे का संकेत है। आमतौर पर जब कोई स्टॉक सालाना उच्च स्तर को पार करता है, तो यह दर्शाता है कि निवेशक कंपनी के आने वाले प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं।
वोल्टास के शेयरों में क्यों आई तेजी?
वैल्थ मैनेजर और इंडिपेंडेंट मार्केट एक्सपर्ट, अभिषेक भट्ट ने कहा कि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। एयर कंडीशनर की मांग में मौसमी उछाल, ब्रांड की मजबूत स्थिति और कच्चे माल की लागत में स्थिरता कंपनी के लिए सकारात्मक कारक हैं। यदि इस बार गर्मी सामान्य से अधिक रहती है, तो बिक्री और मार्जिन दोनों में सुधार देखने को मिल सकता है।
Voltas के शेयरों के लिए अहम लेवल
अभिषेक भट्ट ने कहा कि टेक्निकल चार्ट पर वोल्टास के शेयर स्पष्ट रूप से अपट्रेंड में है और ‘हायर हाई–हायर लो’ का पैटर्न बरकरार है। हालिया ब्रेकआउट के बाद अब पिछला रेजिस्टेंस ज़ोन अहम सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है।
सपोर्ट लेवल: ₹1,450–₹1,460 के आसपास
मजबूत सपोर्ट: ₹1,400 के पास
अगला संभावित टारगेट/रेजिस्टेंस: ₹1,520–₹1,550
अगर शेयर 52-हफ्तों के उच्च स्तर के ऊपर टिकाव रहता है और वॉल्यूम का साथ मिलता है, तो तेजी का रुख आगे भी जारी रह सकता है। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर सीमित अवधि की मुनाफावसूली संभव है।
ये भी पढ़ें- Vodafone Idea के शेयरों में क्यों आई गिरावट, किसने दिया स्टॉक पर 9 रुपये का टारगेट? अचानक हावी हुई बिकवाली
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी एक्सपर्ट की राय पर आधारित है और किसी भी तरह से निवेश की सलाह नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।) |