LHC0088 • 4 hour(s) ago • views 715
प्रतीकात्मक तस्वीर
संवाद सूत्र, एकंगरसराय(नालंदा)। एकंगरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में अहले सुबह शौच के लिए गई एक विकलांग महिला के साथ दुष्कर्म की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रोज की तरह सुबह शौच के लिए गांव के अलंग (खेत की ओर) गई थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव गड़ेरिया बिगहा का एक युवक वहां पहुंच गया और महिला को अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया।
ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा
विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपित भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना एकंगरसराय थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा को दी।
सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक रूपेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और आरोपित को हिरासत में लेकर थाना ले आई। गिरफ्तार युवक गड़ेरिया बिगहा निवासी रविकांत कुमार बताया गया।
आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
पीड़िता के बयान पर एकंगरसराय थाना में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया गया।
वहीं पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपित को न्यायिक हिरासत में हिलसा भेज दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ।  |
|