search

मनरेगा मुद्दे को लेकर चंडीगढ़ की सड़कों पर उतरी हरियाणा कांग्रेस, केंद्र पर लगाया मजदूरों के हक छीनने का आरोप

deltin33 2 hour(s) ago views 806
  

चंडीगढ़ पुलिस हिरासत में लेकर कांग्रेस नेताओं को सेक्टर थाने लाई (फोटो: जागरण)



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू की गई मनरेगा योजना का नाम बदलकर वीबी-जी रामजी करने के विरोध में बुधवार को हरियाणा के कांग्रेस विधायकों और सांसदों ने विधानसभा कूच करने का प्रयास किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आंदोलनकारी जैसे ही चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय से विधानसभा की तरफ कूच करने लगे, चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बैरीकेड्स पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने अपनी सख्ती से उन्हें जाने नहीं दिया। बाद में चंडीगढ़ पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, अंबाला के सांसद वरुण मुलाना, हिसार के सांसद जयप्रकाश जेपी और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी उदयभान समेत करीब दो दर्जन विधायकों व कई जिलाध्यक्षों को हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस सांसदों व विधायकों को हिरासत में लेकर चंडीगढ़ पुलिस सेक्टर तीन थाने पहुंची, जहां कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गये। वहीं पर केंद्र व राज्य सरकार के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थन में भी नारे लगाए गए।

बाद में सभी आंदोलनकारियों को रिहा कर दिया गया। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट करने के विरोध में वाकआउट कर भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में पहुंच गये। वहां कई जिलों से किसी तरह पहुंचे आंदोलनकारी पहले से जमा थे। इस दौरान पुलिस व कांग्रेस नेताओं में बहसबाजी हुई।

कांग्रेस नेताओं को देखकर चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने आगे बढ़ना चालू किया तो पुलिस उनके उत्साह को देखकर रोक नहीं पाई। करीब 600 मीटर चलने के बाद बैरीकेड्स लगाकर सभी को रोक लिया गया।

इस दौरान नारेबाजी तेज हो गई। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मजदूरों व श्रमिकों के हितों की मनरेगा योजना को खत्म कर दिया है।

इस सरकार के पास कांग्रेस के कार्यकाल में शुरु की गई योजनाओं को बंद करने के अलावा कोई काम नहीं रह गया। इससे पहले मंगलवार को भी कांग्रेस विधायकों ने पैदल मार्च निकाला था, जिसके चलते हाई कोर्ट रोड पर जाम लग गया था। हाई कोर्ट ने तब इस जाम पर कड़ा संज्ञान लिया था।

हरियाणा के चारों कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सतपाल ब्रह्मचारी, वरुण मुलाना और जयप्रकाश जेपी मनरेगा को बंद करने के विरुद्ध प्रदर्शन करने के बाद विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए विधानसभा भी गये।

चारों सांसदों ने वीआइपी दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही देखी। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की निगाह इस बात पर अधिक थी कि कांग्रेस का कौन सा विधायक किस तरह से सदन में अपनी बात रख रहा है।


  
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
476723