जागरण संवाददाता, बांदा। ट्रेनों की तरह अब रोडवेज बसों की भी लाइव लोकेशन मिल सकेगी। इससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए बस का चयन करने में आसानी होगी। वहीं परिवहन निगम को भी फायदा होगा। रोडवेज बसों में एकीकृत व्हिकल ट्रैकिंग व यात्री सूचना प्रणाली के तहत बस संचालन की तैयारी बना रहा है। जल्द ही मंडल के चारों जिलों के पांचों डिपों की बसों में यह सुविधा मिलेगी।
मंडल के चारों जिलों में पांच डिपो से कुल 490 रोडवेज बसों का विभिन्न रूटों में संचालन किया जाता है। इसमें बांदा में 159, हमीरपुर में 106, महाेबा में 137, राठ में 81 व चित्रकूट में सात रोडवेज बसें शामिल हैं। रोडवेज बसों में भी अब ट्रेनों की तरह लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाई जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग ने जापान की कंपनी एनईसी को जिम्मा सौंपा है। कंपनी नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) एप की तर्ज पर एक एप भी विकसित करेगी। जिससे यात्री अपने मोबाइल ऐप डाउनलोड कर यात्री बसों की लोकेशन जान सकेंगे।
इसके अलावा परिवहन मुख्यालय पर कमांड सेंटर भी बनाया जाएगा। जहां से बसों की ट्रैकिंग की जाएगी। ट्रेन की मोबाइल पर लाइव लोकेशन मिलने की सुविधा है। इसी प्रकार अब रोडवेज बसों की भी लाइव लोकेशन मिल सकेगी। इसके लिए यूपीएसआरटीसी ने मोबाइल एप विकसित किया है। इसमें परिवहन निगम के डिपो की रोडवेज बसों की फीडिंग करने के बाद एकीकृत व्हिकल ट्रैकिंग सिस्टम डिवाइस से जोड़ा जाएगा।
तैयार होगा निर्धारित शेड्यूल, जान सकेंगे अपने रूट पर आने वाली बसों का समय
रोडवेज बसों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित करने की तैयारी हो रही है। इसके तहत बसों के चलने की समय सारिणी पहले तैयार की जा रही है। नई व्यवस्था में ट्रेनों की तरह बसों की भी लोकेशन मोबाइल एप की मदद से यात्री जान सकेंगे कि किस रूट पर कितनी बसें हैं और कब-कब संचालित होंगी। उसी के अनुसार अपने आवागमन की तैयारी कर सकेंगे। यात्रियों को भी अपने अनुसार यात्रा निर्धारण करने का समय मिल जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के रूटों के लिए खास फायदा मिलेगा। ग्रामीण पहले से शहर जाने के लिए तैयार रहेंगे कि कब उनकी बस आ रही है।
आसान होगी कानपुर, दिल्ली समेत अन्य शहरों की यात्रा
इससे शहर मुख्यालय से कानपुर, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, प्रतापगढ़, झांसी, प्रयागराज सहित अन्य जिलों के लिए यात्रा आसान होगी। नई व्यवस्था लागू होने पर चालकों और परिचालकों की मनमानी पर भी रोक लगेगी। परिवहन निगम अपने पूर्व के निर्धारित संचालन ढांचे में परिवर्तन कर सकता है।
रोडवेज बस सेवा को स्मार्ट किया जा रहा है, जल्द ही मोबाइल के जरिए अब ट्रेन की तरह बसों की भी लोकेशन देख सकेंगे। यात्रियों के लिए यह सुविधा इंतजार करने से छुटकारा दिलाएगी।
संदीप कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम
रोडवेज बसों की स्थिति एक नजर में | Roadways Bus Status at a Glance
क्रम संख्या जिला रोडवेज बसों की संख्या
1
बांदा
159
2
चित्रकूट
7
3
हमीरपुर
106
4
महोबा
137
5
राठ
81
कुल
490
 |