कैप्शन: कुल्लू में मकान में लगी भीषण आग (जागरण फोटो)
संवाद सहयोगी, कुल्लू। कुल्लू जिला के मणिकर्ण थाना क्षेत्र के अंतर्गत ऐतिहासिक गांव मलाणा में सोमवार शाम को एक तीन मंजिला रिहायशी मकान में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सोमवार को लगभग सायं 7:15 बजे की है, जब खीमीराम पुत्र गाना राम के चादरपोश मकान की दूसरी मंजिल से धुआं उठता देखा गया।
आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और बिना समय गंवाए आपसी सहयोग से आग बुझाने में जुट गए। संकरी गलियों और दुर्गम क्षेत्र के बावजूद ग्रामीणों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो लपटें पूरे मकान सहित आसपास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थीं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
आठ लाख रुपये का नुकसान
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना संबंधित प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। आग की इस घटना में लगभग आठ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। घर के भीतर रखा घरेलू सामान और लकड़ी का ढांचा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।
संतोष की बात यह रही कि इस आग लगने में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की तत्परता और एकजुटता ने एक बड़ा हादसा टल गया है। प्रशासन द्वारा भी नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।  |
|