प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में लगाए शिक्षक मनमानी कर रहे हैं। ऐसे करीब 600 शिक्षकों ने अभी ड्यूटी ज्वाइन नहीं की है। इन सभी शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से नोटिस जारी की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा है कि सोमवार तक ड्यूटी पर न आने वाले शिक्षकों पर एफआईआर कराई जा सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय की ओर से राजकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को जारी पत्र में कहा गया है कि संबंधित शिक्षकों को ड्यूटी करना अनिवार्य है। यदि वे नामित केंद्र पर उपस्थित नहीं होते हैं तो संबंधित विद्यालय के साथ शिक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में मनमानी करने पर एफआईआर का प्रविधान है, जिसमें संबंधित को दो से सात वर्ष का कारावास हो सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक पांडेय ने बताया कि जिन विद्यालयों के शिक्षक ड्यूटी पर नहीं आएंगे, उनकी मान्यता रद करने की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा परिषद को की जाएगी।
तीन केंद्रों पर खामियां, दी चेतावनी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बप्पा श्री नरायण वोकेशनल इंटर कॉलेज, नारी शिक्षा निकेतन बालिका इंटर कॉलेज व क्वींस एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज केंद्र पर कई खामियां पाई गईं। सीट प्लान पर सम्मिलित होने वाले विद्यालयों के नाम व पंजीकृत संख्या नहीं लिखी गई न ही उन पर केंद्र व्यवस्थापक के हस्ताक्षर व मुहर थे।
परीक्षा से संबंधित रजिस्टर पर भी केंद्र व्यवस्थापक के हस्ताक्षर नहीं हैं। केंद्र पर ब्लैक बोर्ड को ढका तक नहीं गया। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसी कैमरों की दृश्यता अत्यधिक खराब है। कंप्यूटर और माउस तक ठीक से काम नहीं कर रहे। नारी शिक्षा निकेतन बालिका इंटर कॉलेज में माध्यमिक की जगह बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक ड्यूटी करते मिले।
इस पर तीनों केंद्र व्यवस्थापकों को कड़ी चेतावनी दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा है कि दोबारा लापरवाही मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद UP में 31.19% बढ़ा बिजली बिल, पूर्वांचल डिस्काम की रिपोर्ट में हुआ खुलासा |
|