पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, खटीमा । देवभूमि धर्मशाला कालोनी में बंद घर में वृद्धा का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वृद्धा के सगे भतीजे ने पैसों की खातिर उनकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित को शनिवार को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश किया गया।
18 फरवरी की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सितारगंज रोड देवभूमि कालोनी स्थित मकान में वृद्धा जानकी चंद पत्नी स्व. हरीश चंद का खून से लथपथ शव पड़ा है। घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट व आरएफएसएल कुमाऊं यूनिट टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित किए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
शुक्रवार को पुलिस ने वृद्धा के पुत्र प्रेम चंद की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत की। शनिवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि जांच के दौरान 60-70 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि आदर्श कालोनी निवासी रवि चंद 16 फरवरी को अपनी ताई जानकी चंद को स्कूटी पर बैठाकर स्टेट बैंक के एटीएम ले गया था, जहां से जानकी ने अपने खाते से कुछ धनराशि निकाली थी।
एसएसपी गणपति ने कहा कि पूछताछ में रवि चंद ने बताया कि 17 फरवरी को वह अपनी ताई जानकी चंद के घर पहुंचा, जहां उसने अपनी ताई के साथ पहले खाना खाया। फिर मौका पाकर पैसों की खातिर उसने अपने मफलर से पीछे से ताई का मुंह व गला दबा दिया। इस दौरान जानकी चंद आत्मरक्षा में मुंह के बल फर्श पर गिर गईं, जिस कारण उनके मुंह व नाक से खून बहने लगा। इसी दौरान उसने ताई की अलमारी से पर्स निकाला, जिसमें पैसे व अन्य सामान था। पर्स को अपने पास रखने के बाद वह बाहर आया और किसी को शक न हो, यह सोचकर वह घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपित को शनिवार की सुबह झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पुलिस टीम में सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित मोहन रावल, एसआई किशोर पंत, एसआई अशोक कांडपाल, एसआई ललित बिष्ट, एसआई भूपेंद्र रंसवाल, आरक्षी नवीन खोलिया, कमल पाल, मोहन बोरा, ईशहाक अहमद, ललित बिष्ट शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- खटीमा वृद्धा हत्याकांड: पुलिस को मिले अहम सुराग, दिल्ली-हरियाणा में संदिग्धों की तलाश को पहुंची
यह भी पढ़ें- खटीमा में जानकी चंद की रहस्यमयी मौत, बाहर से बंद घर में मिली लाश |