प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ से दिल्ली के बीच नमो भारत ट्रेन शहर के लिए सिर्फ ट्रेन नहीं बल्कि एक लाइफ लाइन बनने वाली है। अभी तक दिल्ली के एम्स सहित बड़े अस्पतालों तक पहुंचना ट्रैफिक और समय की अनिश्चितता के कारण चुनौती था, लेकिन अब मरीज नमो भारत ट्रेन पकड़कर मिनटों में पहुंच जाएंगे।
इसमें स्ट्रेचर सहित मरीज को ले जाने की सुविधा भी मिलेगी। आज से मेरठ साउथ से चलने वाली नमो भारत मोदीपुरम, बेगमपुल, शताब्दीनगर से भी मिलेगी।
मोदीपुरम से चलकर सराय काले खां पहुंचने में नमो भारत ट्रेन को 55 मिनट लगेंगे। आनंद विहार और सराय काले खां स्टेशन पर उतरकर वहां से मेट्रो पकड़कर एम्स,सफदरजंग सहित अन्य अस्पतालों को जा सकते हैं।
इससे गंभीर स्थिति में गोल्डन आवर में मरीज को बड़े अस्पताल पहुंचना संभव होगा। यदि गोल्डन आवर में अच्छा उपचार मिल जाए तो मरीज के बचने के अवसर बढ़ जाते हैं।
कोच दिव्यांगजन और मरीजों के अनुकूल
नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों और कोच में दिव्यांगजन और मरीज के अनुकूल बनाया गया है। कोच में व्हील चेयर के लिए सुरक्षित स्थान हैं। मरीज को एंबुलेंस से उतारकर बिना स्ट्रेचर से उतारे लिफ्ट के जरिए सीधे कोच तक पहुंचाया जा सकेगा।
नमो भारत ट्रेन सिर्फ समय ही नहीं बचाएगी बल्कि खर्च भी बचाएगी। एंबुलेंस या टैक्सी करके मेरठ से दिल्ली जाने में तीन से चार हजार रुपये तक खर्च हो जाते हैं, नमो भारत से मरीज के साथ दो लोगों के जाने पर अब यह खर्च 1500 से 2000 रुपये तक रह जाएगा। यानि 50 प्रतिशत परिवहन खर्च बचेगा।
इन बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली जाते हैं मरीज
मेरठ में दिल, सांस, कैंसर और गुर्दे के उपचार की सुविधाएं पहले से बढ़ी हैं, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में कैंसर रोगी कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और कैंसर की सर्जरी के लिए मरीज एम्स व बड़े अस्पतालों का रुख करते हैं।
ओपन हार्ट सर्जरी, वाल्व रिप्लेसमेंट या जटिल एंजियोप्लास्टी के लिए मरीज दिल्ली के बड़े हार्ट सेंटर जाते हैं। गुर्दा प्रत्यारोपण और लिवर ट्रांसप्लांट जैसी बड़ी सर्जरी के लिए मरीज दिल्ली जाते हैं। ब्रेन ट्यूमर, गंभीर हेड इंजरी के केस, रीढ़ की हड्डी की जटिल सर्जरी के लिए भी मरीज दिल्ली जाते हैं। ब्लड संबंधी बीमारी, जेनेटिक बीमारी और बोन ट्रांसप्लांट के लिए भी मरीजों की पहली प्राथमिकता दिल्ली के बड़े अस्पताल होते हैं।
दिल्ली के बड़े अस्पताल नजदीकी मेट्रो स्टेशन
एम्स व सफदरजंग अस्पताल एम्स ( येलो लाइन)।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल रामकृष्ण आश्रम मार्ग ( ब्लू लाइन) या शिवाजी स्टेडियम (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन)
जीबी पंत व एलएनजेपी दिल्ली गेट ( वालेट लाइन)
सर गंगाराम अस्पताल करोलबाग या राजेंद्र प्लेस ( ब्लू लाइन) |