प्रतीकात्मक तस्वीर
जागरण संवाददाता, शामली। दिल्ली-सहारनपुर-हरिद्वार रेल मार्ग पर योग नगरी ऋषिकेश से उतरे समय और मालगाड़ी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। हादसे के चलते मालगाड़ी फाटक पर खड़ी होने के कारण 20 मिनट तक बुढ़ाना रेलवे फाटक बंद रहा। इस कारण वाहनों का भीषण जाम लगा रहा। लोगों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली से चलकर योग नगरी ऋषिकेश ट्रेन सुबह चार बजकर 55 मिनट पर शामली पहुंचती है। शुक्रवार को ट्रेन नौ बजे शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। चलती ट्रेन से प्लेटफार्म के दूसरी ओर उतरने के प्रयास में एक बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पटरी और ट्रेन के बीच आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त 74 वर्षीय देवेंद्र पुत्र खुड्डी, निवासी ग्राम रंगहोड़ी, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। सूचना मिलते ही स्वजन शामली पहुंचे, जहां देवेंद्र का शव देख कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दूसरा हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे शहर के बुढ़ाना रोड स्थित रेलवे फाटक के पास हुआ। दिल्ली की ओर से कोयले से भरी एक मालगाड़ी शामली की ओर आ रही थी। जैसे ही मालगाड़ी बुढ़ाना फाटक के आउटर पर पहुंची, वहां अंडरपास के निकट बैठा एक युवक अचानक उठकर मालगाड़ी के आगे आ गया।
मालगाड़ी की टक्कर लगने से युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। इस हादसे के बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोका, जिससे करीब 20 मिनट तक मालगाड़ी बुढ़ाना रेलवे फाटक पर ही खड़ी रही। इसके कारण बुढ़ाना फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम लग गया।
सूचना पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस, आरपीएफ शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। मालगाड़ी के चलते दोनों रेलवे फाटक बंद रहे, जिस कारण धीमानपुरा और बुढ़ाना रोड फाटक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 10 मिनट की देरी के बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। |
|