13.75 करोड़ से दूर होगी जलनिकासी की समस्या।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के सभी 80 वार्डों में आवागमन सुलभ बनाने के साथ ही जलनिकासी की व्यवस्था और सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम बड़ी संख्या में सीसी सड़क और आरसीसी नाली के अलावा साइड पटरी का निर्माण कराने कराने जा रहा है। करीब 13.75 करोड़ रुपये की लागत से 196 विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित कार्य पार्षद वरीयता, जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और विभिन्न शासकीय मदों से स्वीकृत योजनाओं के आधार पर कराए जाएंगे।
वार्ड संख्या एक से 80 तक कई मोहल्ले लंबे समय से टूटी सड़कों, क्षतिग्रस्त नालियों और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं, जिन्हें अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए आरसीसी नालियों के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है, ताकि जलनिकासी व्यवस्था सुचारु रह सके और सड़कों पर पानी जमा न हो।
वहीं, हाट मिक्स प्लांट से बनने वाली सड़कें अधिक टिकाऊ और मजबूत होंगी, जिससे बार-बार मरम्मत की आवश्यकता कम पड़ेगी और यातायात भी सुगम रहेगा।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य अप्रैल माह तक पूर्ण कर लिए जाएं। उनका कहना है कि इन विकास कार्यों से न केवल नागरिकों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा मिलेगी, बल्कि स्वच्छता और शहरी आधारभूत ढांचे में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। |