जागरण संवाददाता, मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की एक युवती संग सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने शादी की बेवसाइट पर अपनी शादी के लिए पोस्ट डाली थी।
जिसके बाद एक युवक से दोस्ती हो गई। युवक ने अपने दोस्तों संग मिलकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि शादी की पोस्ट डालने के बाद युवक ने मोबाइल पर उससे बात शुरू की। दोनों में दोस्ती हो गई। युवक ने खुद को पाइप लाइन टेलीकाम प्रयागराज में कर्मचारी बताया था।
अच्छा वेतन और कंपनी की ओर से अपना फ्लैट भी बताया था। उसके बाद बेगमपुल पर युवक ने युवती से मुलाकात की थी। आरोप है कि कार में घुमाकर सोफीपुर लावड़ रोड पर ले गया, जहां उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए और निकाह करने का वादा किया।
बताया कि 27 दिसंबर 2025 को प्रयागराज बुलाया, जहां युवती के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद नववर्ष मनाने को दोबारा प्रयागराज बुलाया और दुष्कर्म किया।
गर्भवती होने पर आरोपित ने दो फरवरी 2026 को बनारस में 100 रुपये के स्टांप पर फर्जी निकाहनामा रजिस्टर्ड कराया। आरोप लगाया कि आरोपित ने दवाई खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया।
युवक ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए थे, जिन्हें वह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने लगा। 12 फरवरी को लखनऊ के होटल ले गया, जहां उसने अपने दोस्तों से मिलवाया। साथ ही पीड़िता को सिगरेट से जलाया और सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने कहा कि 14 फरवरी को आरोपित ने अपने स्वजन संग दिल्ली में उसे गला दबाकर मारने का प्रयास किया, जहां से वह किसी तरह अपने घर पहुंची। पीड़िता ने पल्लवपुरम थाने में पहुंचकर तहरीर दी। पल्लवपुरम पुलिस का कहना है कि तहरीर पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। |
|