search

नेपाल चुनाव : सीमा पार आतंक व तस्करी पर सख्ती : तीनों द‍िनों तक भारत-नेपाल बॉर्डर सील

cy520520 1 hour(s) ago views 221
  

भारत-नेपाल : बैठक में मौजूद जिलाधिकारी विशाल राज, मोरंगा झापा और सुनहरी जिला के सीडीओ।  



जागरण संवाददाता, किशनगंज। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा, समन्वय और आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इंडो–नेपाल जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक नेपाल के बिराटनगर में आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें दोनों देशों के प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा से जुड़े विभिन्न संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। खासकर सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम, अवांछनीय तत्वों पर नियंत्रण और संयुक्त कार्रवाई को प्रभावी बनाने की रणनीति पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में नेपाल में प्रस्तावित संसदीय चुनाव को देखते हुए 2 मार्च की मध्यरात्रि 12 बजे से 5 मार्च की मध्यरात्रि 12 बजे तक भारत-नेपाल सीमा को पूर्णतः सील रखने के निर्णय पर चर्चा हुई। दोनों देशों के अधिकारियों ने इस अवधि के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और चौकसी बढ़ाने पर सहमति जताई। तय किया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही, संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की हलचल पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

सीमा पार अपराधों पर नियंत्रण को लेकर भी बैठक में गंभीरता से मंथन हुआ। हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटकों की तस्करी के साथ-साथ मादक एवं मनोदैहिक पदार्थों की अवैध आवाजाही को रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त मानव तस्करी, जाली मुद्रा के प्रचलन, आर्थिक धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कड़ी एवं समन्वित कार्रवाई करने पर सहमति बनी। कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच नियमित खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को और अधिक मजबूत बनाने का निर्णय भी लिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे का समय रहते मुकाबला किया जा सके।

बैठक में नो-मेंस लैंड पर अतिक्रमण की जांच एवं रोकथाम, अनधिकृत मार्गों से वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण तथा सीमा क्षेत्र में समन्वय तंत्र को सुदृढ़ करने से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीमावर्ती इलाकों में तस्करी और विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए संयुक्त गश्ती अभियान बढ़ाने का निर्णय लिया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

भारत की ओर से अररिया और सुपौल जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए। वहीं नेपाल की ओर से मोरंग, झापा और सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ), सहायक सीडीओ, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

जिलाधिकारी विशाल राज ने नेपाल की ओर से आने वाले जंगली हाथियों के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में फसलों को होने वाली क्षति, सीमा अतिक्रमण और नो-मेंस लैंड से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस पर नेपाल के अधिकारियों ने भी आवश्यक समन्वय और समाधान की दिशा में काम करने का भरोसा दिया।

नेपाल में होने वाले संसदीय चुनाव के मद्देनज़र सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। झापा जिले के मुख्य जिला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि के दौरान सीमा पार आम लोगों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से गश्ती अभियान चलाएंगे।

दोनों देशों के अधिकारियों ने यह भी दोहराया कि सीमा क्षेत्र की शांति और सुरक्षा बनाए रखना साझा जिम्मेदारी है। नियमित समन्वय बैठकें, संयुक्त अभियान और खुफिया सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान भविष्य में भी जारी रहेगा। नेपाल प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान सीमा पार करने का प्रयास न करें और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें।

बैठक के निष्कर्षों से स्पष्ट है कि भारत और नेपाल दोनों ही सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी विश्वास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आगामी चुनाव को देखते हुए उठाए गए सख्त सुरक्षा उपाय न केवल चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित बनाएंगे, बल्कि सीमा पार आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक साबित होंगे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160634