नरेश का फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, जागरण पानीपत। इसराना क्षेत्र के मांडी निवासी 22 वर्षीय नरेश उर्फ नंदू की कथित रूप से प्रेम प्रसंग के विवाद में पीट-पीटकर दिल्ली के टिकरी गांव में हत्या कर दी गई। घटना के बाद स्वजन उसे सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले में दिल्ली के मुंडका थाना में स्वजन मोहित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से स्वजन नाराज हैं।
मृतक नरेश के भाई जीतेंद्र ने बताया कि नरेश पिछले दो वर्षों से टिकरी गांव दिल्ली में उसके ताऊ के लड़के सोनू व मोहित की वेंडर की दुकान पर काम सीख रहा था। इसी दौरान टिकरी गांव में एक लड़की से उसकी दोस्ती हो गई। छह माह पहले दोनों पक्षों में समझौता हुआ था कि युवक-युवती एक-दूसरे से न तो मिलेंगे और न ही बातचीत करेंगे।
आरोप है कि 5 फरवरी की शाम करीब छह बजे लड़के के परिवार के लोग टिकरी में दुकान से नरेश को जबदस्ती अपने घर ले गए वहां पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ करीब दस से 12 लोगों ने नरेश की बेरहमी से मारपीट की गई। स्वजन को सूचना मिली तो वह पहुंचे और तुरंत नरेश को सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ ले गए, जहां चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- पानीपत में ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
दो भाईयों व एक बहन में बीच का था मृतक
नरेश दो भाइयों और एक बहन में बीच का था। पिता महेंद्र फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं, जबकि माता कौशल्या गृहिणी हैं। बहन भी पढाई कर रही है। बड़ा भाई जीतेंद्र एक प्राईवेट कंपनी में है। मृतक नरेश ने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और काम सीखने के लिए दिल्ली अपने ताऊ के लडकों के पास गया हुआ था।
परिवार के लोगों का कहना है कि अगर जल्द कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह दिल्ली एसपी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिकायत करेंगे। |