परीक्षा देकर आते परिक्षार्थी के एल इंटरनेशनल स्कूल मे ---जागरण
जागरण संवाददाता, मेरठ। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में बुधवार को कक्षा 12वीं की फिजिकल एजुकेशन और कक्षा 10वीं की होम साइंस की परीक्षा हुई। 12वीं में काफी संख्या में विद्यार्थी फिजिकल एजुकेशन विषय लेकर पढ़ते हैं। शिक्षकों ने फिजिकल एजुकेशन के पेपर को ओवरआल स्टूडेंट फ्रेंडली बताया।
विद्या ग्लोबल स्कूल के शारीरिक शिक्षा शिक्षक डा. मेजर मनोज कुमार गौर ने कहा कि पेपर बैलेंस रहा है। सेक्शन-ए में पूछे गए एमसीक्यू को सीधे पूछा गया जो स्कोरिंग रहे। कुछ प्रश्नों को घुमा पूछा गया था जिन्हें प्राथमिक तौर पर परीक्षार्थियों को समझने में समय लगा।
सेक्शन-बी व सी में योगासन, न्यूट्रिशन और स्पाइनल डिफार्मिटीज से जुड़े प्रश्न सीधे पूछे गए। वहीं सेक्शन-डी केस स्टडी था। इसमें न्यूटन ला, लीवर व प्राइस प्रोटोकाल से जुड़े प्रश्न पूछे गए। पूरा पेपर एनसीईआरटी पर आधारित रहा। परीक्षार्थियों को समय के भीतर पूरा पेपर हल करने में परेशानी नहीं हुई।
सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल के छात्र मो. अरहान के अनुसार फिजिकल एजुकेशनल के पेपर में अधिकतर प्रश्न निर्धारित सिलेबस से ही पूछे गए थे। एनसीईआरटी आधारित प्रश्नपत्र में एमसीक्यू, केस स्टडी और सब्जेक्टिव से संबंधित प्रश्न आसान रहे।
बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल की छात्रा अवनी शर्मा ने बताया कि फिजिकल एजुकेशन का पेपर माडरेट और संतुलित था। पूरा सिलेबस पढ़ा हुआ था इसलिए समय के भीतर सभी प्रश्नों के उत्तर लिख लिए। वेद इंटरनेशनल स्कूल की इशिका कंसल ने बताया कि 80-90 प्रतिशत प्रश्न पढ़े हुए सिलेबस से ही पूछे गए थे।
वहीं 10-20 प्रतिशत प्रश्न थोड़े कठिन प्रतीत हुए लेकिन सिलेबस के अनुरूप ही थे। कुल मिलाकर पेपर को अच्छा ही कहा जाएगा। वेद इंटरनेशनल की ही वंशिका ने बताया कि करीब 80 प्रतिशत प्रश्न सीधे किताब से ही पूछे गए थे। दो-तीन प्रश्न ही बाहर से मिले जिनके उत्तर लिखने में कोई कठिनाई नहीं हुई। कक्षा 10वीं में होम साइंस में कुछ छात्रों ने ही परीक्षा दी और पेपर सामान्य रहा। |
|