होली पर चलेंगी कई विशेष ट्रेनें।
जागरण संवाददाता, पटना। Indian Railway: होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और श्रीगंगानगर के लिए कई होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों के माध्यम से दानापुर, समस्तीपुर, रक्सौल और सहरसा सहित बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को देश के बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
सबसे पहले पुणे–दानापुर के बीच गाड़ी संख्या 01481/01482 एवं 01449/01450 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन डीडीयू–प्रयागराज छिवकी–जबलपुर मार्ग से किया जाएगा।
ये ट्रेनें 21 फरवरी से 10 मार्च के बीच विभिन्न तिथियों पर नियमित अंतराल में संचालित होंगी। इससे होली के अवसर पर पुणे आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर (01143/01144) तथा समस्तीपुर (01043/01044) के लिए भी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें डीडीयू, पाटलिपुत्र और हाजीपुर मार्ग से गुजरेंगी।
इसके अलावा रक्सौल–लोकमान्य तिलक (05557/05558) और सहरसा–लोकमान्य तिलक (05585/05586) स्पेशल ट्रेनें भी निर्धारित तिथियों पर चलाई जाएंगी।
राजस्थान के श्रीगंगानगर से समस्तीपुर (04731/04732) के बीच विशेष ट्रेन 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक संचालित होगी, जो गोरखपुर और हाजीपुर मार्ग से चलेगी।
पश्चिम भारत की कनेक्टिविटी को और मजबूत करते हुए अहमदाबाद–दरभंगा (09465/09466) तथा अहमदाबाद–पटना (09447/09448) स्पेशल ट्रेनों का परिचालन भी होली स्पेशल के रूप में विस्तारित किया गया है। ये ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार मार्च के अंत तक चलेंगी।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि होली के अवसर पर आवश्यकता के अनुसार और भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जाएगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पूर्व आरक्षण और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। |
|