सेटे लाइट बस स्टैंड। जागरण
जागरण संवाददाता, बरेली। परिवहन निगम ने होली पर घर वापसी करने वाले यात्रियों को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। चार मार्च को मनाई जाने वाली होली को देखते हुए 28 फरवरी से नौ मार्च तक प्रमुख रूटों पर पर्याप्त बसों का संचालन और निगरानी कराई जाएगी। चालक-परिचालकों का उत्साहवर्धन करने के लिए निगम ने प्रोत्साहन योजना भी लागू कर दिया है।
दिल्ली रूट पर सबसे अधिक बसें संचालित कराने की कार्ययोजना बनी है। होली पर सप्ताहभर पहले से ही बाहर रहने वालों के घर लौटने का सिलसिला आरंभ हो जाता है। परिवहन विभाग की रीजन में 642 बसें हैं। 40 जनरथ बसों का भी संचालन कराया जा रहा है। सर्दी के सीजन में बसों में पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे थे, लेकिन अब यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है।
होलिका दहन की पूर्व संध्या तक बसों का रहेगा संचालन
परिवहन निगम मुख्यालय से क्षेत्रीय प्रबंधक और सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के लिए विस्तृत दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। त्योहार पर दिल्ली, गाजियाबाद से सबसे अधिक लोगों की वापसी होती है, इसलिए इस रूट पर आवश्यकता के अनुरूप बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
होलिका दहन की पूर्व संध्या तक यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों का संचालन सतत जारी रखने के निर्देशित किया गया है। सभी बसें आनरोड रखी जाएंगी, किन्हीं कारणों से जो बसें रोड पर नहीं चलेंगी उनकी रिपोर्ट नियमित मुख्यालय भेजनी होगी। डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला के वर्कशाप में बसों की मरम्मत के लिए पर्याप्त संसाधन और उपकरण की उपलब्धता बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है।
चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू
मार्गों पर जाम, दुर्घटना के कारण बसों का संचालन अवरूद्ध होने पर क्रेन समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर आवागमन सुचारू कराने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बरेली क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी को बरेली-कटरा मार्ग का दायित्व सौंपा गया है। प्रवर्तन दल निरंतर चेकिंग अभियान चलाते रहेंगे।
नौ दिन के लिए चालक-परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। प्रतिदिन उपस्थित रहकर निर्धारित औसत किमी का संचालन कराने पर 400 रुपये प्रतदिन की दर से एकमुश्त 3600 रुपये विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। जबकि दस दिन तक लगातार ड्यूटी करने वालों को 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से एकमुश्त 4500 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
तय की कई प्रोत्साहन राशि
इसी तरह डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला में लगातार दस दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 2100 रुपये जबकि नौ दिन कार्य करने वालों को 1800 रुपये प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक के लिए 10 हजार, सेवा प्रबंधक के लिए पांच हजार रुपये जबकि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों के लिए 50 रुपये प्रति बस के आधार पर गणना कर प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा।
गाइड लाइन मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने एआरएम बरेली डिपो संजीव कुमार श्रीवास्तव और एआरएम रुहेलखंड डिपो अरुण कुमार वाजपेई समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- बाबा महाकाल के भक्तों के लिए खुशखबरी! बरेली-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस में हुआ बड़ा बदलाव, अब \“हवाई जहाज\“ जैसा होगा सफर! |
|